जोधपुर। बॉलीवुड के दबंग खान को कोर्ट कचहरी से पूरी तरह से छुटकारा कब मिलेगा यह कहना तो मुश्किल है लेकिन फिलहाल उन्हें कोर्ट से आंशिक रुप से राहत जरुर मिली है। 'रेस-3' के प्रमोशन में व्यस्त अभिनेता सलमान खान को एक बार फिर कानूनी प्रक्रिया से राहत मिल गई है। जी हां, वकीलों की चल रही हड़ताल का फायदा सलमान खान को मिला है, हड़ताल जारी रहने के कारण सलमान के केस में होने वाली सुनवाई जुलाई तक टाल दी गई है। आपको बता दें कि सलमान खान, बॉबी देओल, अनिल कपूर , जैकलिन फर्नांडिस और डेजी शाह जैसे सितारों से सजी रेमो डिसूजा द्वारा निर्देशित फिल्म रेस-3 जून में ईद के मौके पर रिलीज होगी। फिलहाल फिल्म की पूरी स्टार कास्ट फिल्म के प्रमोशन में जोरों-शोरों से लगी हुई है। अब केस की सुनवाई टल जाने से सलमान खान भी फिल्म का प्रमोशन बेहतर तरीके से कर पाएंगे। गौरतलब है कि अभिनेता सलमान खान को अवैध हथियार के मामले में बरी किए जाने के बावजूद सीजेएम ग्रामीण कोर्ट में तीन प्रार्थना पत्र लम्बित है। राज्य सरकार ने सलमान की ओर से हथियार लाइसेंस के सम्बंध में झूठा शपत्र पत्र पेश करने बाबत प्रार्थना पत्र पेश कर रखे है। इधर, सलमान की ओर से गवाह ललित बोड़ा द्वारा कोर्ट के समक्ष झूठे बयानों के विरुद्ध कार्रवाई को लेकर भी प्रार्थना पत्र पेश किया हुआ है। इन प्रार्थना पत्रों पर गुरुवार को वकीलों की हड़ताल के चलते सुनवाई नहीं हो सकी। अब अगली सुनवाई 18 जुलाई को होगी।