
theft in jodhpur, jewelry theft in jodhpur, Crime in Jodhpur, crime news of jodhpur, jodhpur news, jodhpur news in hindi, maulvi arrest
विकास चौधरी/जोधपुर. सदर बाजार थाना पुलिस ने मोती चौक स्थित सूने मकान के ताले तोड़कर लाखों रुपए के आभूषण व अन्य सामान चोरी करने के मामले में नागौर जिले से एक कथित मौलवी को गिरफ्तार किया है। शातिर नकबजन का सुराग नहीं लगा है। दोनों आरोपी कार से जोधपुर आए थे और मोटरसाइकिल चुराकर वारदात को अंजाम दिया था।
पुलिस के अनुसार 5 मई की रात मोती चौक निवासी सूरज कंसारा के सूने मकान के ताले तोड़कर लाखों रुपए के सोने-चांदी के आभूषण व नकदी चोरी हो गई थी। इस मामले मेंं डीडवाना थानान्तर्गत शेरानी आबाद निवासी कथित मौलवी तौफिक पुत्र साबिर अहमद की भूमिका सामने आई। इस पर पुलिस नागौर पहुंची और संभावित ठिकानों पर दबिश देने के बाद तौफिक को गिरफ्तार कर लिया। उसे जोधपुर लाकर मंगलवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे दो दिन के रिमाण्ड पर भेजने के निर्देश दिए गए। शातिर नकबजन शकूर की तलाश की जा रही है।
कार में आए, किराए का कमरा लिया, चोरी की बाइक से वारदात
पुलिस का कहना है कि आरोपी तौफिक मोती चौक में ही मौलवी था, जहां से कुछ समय पहले उसे निकाल दिया गया था। इसके बाद वह गांव लौट गया था, जहां सम्पर्क शातिर नकबजन शकूर से हुआ। उन्होंने मोती चौक में सूरज कंसारा के मकान में चोरी की साजिश रची। गत दिनों दोनों कार लेकर जोधपुर पहुंचे और बोम्बे मोटर्स के पास कमरा किराए पर लिया था। इसके बाद उन्होंने सोजती गेट से मोटरसाइकिल चोरी की, जिसे लेकर बोम्बे मोटर्स पहुंचे, जहां से कार स्टार्ट की और मण्डोर गार्डन के पास छोड़ दी थी। फिर वे मोटरसाइकिल लेकर मोती चौक आए, जहां सूरज कंसारा के मकान में सेंध लगा लाखों रुपए के सामान चुरा लिया था। मोटरसाइकिल को मण्डोर क्षेत्र में छोड़कर कार में नागौर चले गए थे। जोधपुर पुलिस ने एक ही दिन में दो वारदातों का खुलासा किया है।
Published on:
30 May 2018 10:20 am
