
जोधपुर . बालसमन्द झील से ढोला नहर घाटी के पास गुरुवार शाम सामने से आ रहे मिनी ट्रक से बचने के प्रयास में पत्थर से भरे एक ट्रक के ब्रेक फेल होने पर पहाड़ की तरफ मोड़ लिया। पत्थर से भरा ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। गनीमत रही कि कोई हताहत नही हुआ। सड़क के बीच पलटने से रास्ता बंद हो गया और वाहनों की कतारें लग गईं।
जानकारी के अनुसार पत्थर की पट्टियों से भरा एक ट्रक बालसमन्द झील से ढोला नहर घाटी होते हुए मंडोर रोड की तरफ जा रहा था। उसे लाडनूं जाना था। पूरणसिंह ट्रक चला रहा था। ढोला नहर घाटी के पास ढलान में ट्रक के ब्रेक फेल हो गए। तभी सामने से मिनी ट्रक आता नजर आया। उससे बचने के प्रयास में चालक पूरण ने ट्रक को पहाड़ की तरफ मोड़ लिया। ट्रक पत्थर पर चढ़कर पलट गया। उसमें भरी पत्थर की पट्टियां सड़क पर बिखर गईं। यातायात बाधित हो गया और दोनों तरफ वाहनों की कतारें लग गईं।
चालक ने किसी तरह बाहर निकलकर जान बचाई। उसे मामूली चोट आई है। हादसे का पता लगने पर मण्डोर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पत्थर की पट्टियों को एक तरफ करवाकर ट्रक सीधा करवाया।