
Jodhpur: सांकेतिक तस्वीर -एआई
जोधपुर। चौपासनी हाउसिंग बोर्ड थाना क्षेत्र के शोभावतों की ढाणी में संचालित एक ब्यूटी पार्लर में महिला का कथित तौर पर आपत्तिजनक वीडियो बनाए जाने का मामला सामने आया है। महिला की शिकायत के बाद पुलिस ने पार्लर संचालक देवेंद्र उर्फ देवाराम को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है और उसमें मौजूद फोटो-वीडियो की जांच की जा रही है। इस घटना के बाद इलाके में लोगों ने हंगामा भी किया और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि पार्लर में महिलाओं को बॉडी मसाज, बॉडी वैक्स और ब्लीचिंग जैसी सेवाएं कम कीमत पर देने का ऑफर बताया जा रहा था। इसी ऑफर के चलते वह पार्लर पहुंची। महिला के अनुसार, उसे मसाज के लिए तैयार किया गया और कपड़े बदलकर गाउन पहनने को कहा गया। इसके बाद मसाज की प्रक्रिया शुरू हुई।
पीड़िता का आरोप है कि मसाज के दौरान उसे कुछ असहज महसूस हुआ। क्योंकि मसाज करने वाली महिला बार-बार कपड़े हटा रही थी। इसी बीच अचानक उसकी नजर कमरे में लगे एसी की तरफ गई, जहां उसे मोबाइल फोन दिखाई दिया। महिला को शक हुआ कि मोबाइल से उसकी रिकॉर्डिंग की जा रही है। इसके बाद उसने तुरंत वहां पहुंचकर मोबाइल को अपने कब्जे में ले लिया।
महिला ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि वीडियो बनाने वाले व्यक्ति के तौर पर देवेंद्र उर्फ देवाराम सामने आया। महिला के मुताबिक, आरोपी ने वीडियो डिलीट किए जाने की बात कही, लेकिन मोबाइल के रीसायकल बिन में रिकॉर्डिंग मौजूद होने का दावा किया गया है। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि मोबाइल में अन्य महिलाओं के भी आपत्तिजनक वीडियो दिखाई दिए।
हालांकि, मोबाइल में वास्तव में कितने वीडियो मिले और वे किसके हैं, इसकी पुष्टि पुलिस की जांच और फॉरेंसिक रिपोर्ट के बाद ही होगी। पुलिस ने फोन को जांच के लिए अपने कब्जे में लिया है।
मामले में पार्लर की संचालिका की भूमिका को लेकर भी पुलिस जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि कथित रिकॉर्डिंग के बारे में संचालिका को जानकारी थी या नहीं और यदि रिकॉर्डिंग की गई तो इसका उद्देश्य क्या था। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि ऐसी गतिविधि पहले से चल रही थी या नहीं।
पुलिस के मुताबिक घटना की सूचना मिलने के बाद पार्लर को बंद करवाया गया। पीड़िता की रिपोर्ट के आधार पर आरोपी के खिलाफ महिला अपराध से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई है। पुलिस आरोपी से पूछताछ के साथ उसके मोबाइल की तकनीकी और फॉरेंसिक जांच करवा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद कुछ अन्य महिलाओं के भी पुलिस से संपर्क करने की बात सामने आई है, जिसकी भी पुलिस स्तर पर जांच की जा रही है।
Updated on:
08 Oct 2026 11:06 pm
Published on:
08 Oct 2026 11:02 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
