
जोधपुर.
शहर के मंडोर सेटेलाइट अस्पताल मेंं महिला नर्सिंगकर्मी रात के समय ड्यूटी करने से कांपने लगी हैं। नर्सिंगकर्मियों का कहना है कि रात के समय वे यहां पर सुरक्षित नहीं हैं। उनके साथ रात को यहां कुछ भी हो सकता है, यहां पर कोई सुरक्षा नहीं हैं।
मंडोर सेटेलाइट अस्पताल में शुक्रवार रात एक युवक ने महिला नर्सिंगकर्मी के साथ बदसलूकी की। युवक के हरकत से परेशान नर्सिंगकर्मी ने अस्पताल प्रशासन सहित पुलिस को शिकायत की है। आरोप है कि एक युवक अपनी मां के इंजेक्शन लगवाने के लिए पिछले चार दिन से अस्पताल आ रहा है। शुक्रवार रात पौने एक बजे करीब वह युवक आकर चिकित्सक की कुर्सी पर बैठ गया और बदसलूकी करने लगा। लात मारकर दरवाजा तोडऩे की कोशिश की। नर्सिंगकर्मी मधु शर्मा ने इस पर एतराज किया तो उसके साथ भी उलझ पड़ा। अन्य पुरूष नर्सिंगकर्मियों ने उत्तेजित युवक को अस्पताल से बाहर निकाला।
घटना को लेकर शनिवार सुबह नर्सिंगकर्मियों ने एक घंटे तक अस्पताल में कार्य का बहिष्कार किया। नर्सिंगकर्मियों का कहना रहा कि सेटेलाइट अस्पताल में आए दिन घटनाएं हो रही है। यहां रात के समय महिला स्टाफ का नौकरी करना मुश्किल हो गया है। शरारती तत्व यहां आकर बदसलूकी पर उतर जाते हैं। पुलिस को सूचना देते हैं, लेकिन पुलिस कोई ठोस कार्रवाई नहीं करती। क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ता छोटे नेता लक्ष्मणसिंह सोलंकी का कहना रहा कि अस्पताल में पहले भी कई घटनाएं हो चुकी है। प्रशासन की ओर से यहां पुलिस जवान या होमगार्ड की तैनाती करनी चाहिए, ताकि चिकित्सक व नर्सिंगकर्मी बिना किसी भय के साथ अपनी ड्यूटी कर सके। महिला नर्सिंगकर्मियों ने भी अस्पताल में सुरक्षा की गुहार की है।