
कांकेर/नरहरपुर. बुधवार को नरहरपुर में कृषि उपज मंडी में कांग्रेस के जनाक्रोश रैली में कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं प्रदेश के प्रभारी पीएल पुनिया ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार किसानों के साथ अन्याय कर रही है। कर्ज से दबे किसान आत्महत्या कर रहे हैं। युवा बेरोजगार हो रहा है। रोजगार ? की आस में नौजवान पलायन कर रहे हैं। प्रदेश सरकार शराब बेचकर लोगों का नशेड़ी बना रही है। उन्होंने कहा कि हर किसान अकाल से परेशान हैं। बोनस तिहार के नाम पर किसानों को छलने का प्रयास किया जा रहा है। चुनावी वादा को प्रदेश सरकार भूल गई है। सिर्फ रमन सरकार चुनावी प्रचार के लिए किसानों को बोनस बांट रही है।
प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया ने कहा कि जनता में जनाक्रोश है। प्रदेश सरकार चुनावी वादों को निभाने में पूरी तरह से फेल है। उन्होंने कहा कि किसानों, युवाओं, महिलाओं तथा नवजवानों में प्रदेश सरकार के प्रति आक्रोश है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आड़े हाथ लेते हुए पुनिया ने कहा कि चुनावी घोषणा में देश के 10 करोड़ युवाओं को रोजगार देने तथा दो हजार युवाओं को प्रतिवर्ष रोजगार मुहैया कराने की बात कही थी। किसान कर्ज से आत्महत्या कर रहे हैं। मासूम बच्चियों के साथ आए दिन बलात्कार हो रहा है। किसान कलक्टर दफ्तर में जाकर जहर खाकर आत्महत्या कर रहे हैं। रमन सरकार इसका जवाब दें, यह सरकार केवल उद्योगपतियों की सरकार है। यह गरीब किसानों की सरकार नहीं है। वहीं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भुपेश बघेल ने कहा कि यहां हर किसान अकाल से परेशान हैं। प्रदेश सरकार बोनस तिहार में मस्त है, यह बोनस तिहार नहीं बोगस तिहार है। उन्होंने कहा कि सरकार चुनावी वादों को निभाने में असफल है। किसानों को एक साल का बोनस देकर लोगों को खुश करने में लगी है।
प्रदेश की भाजपा सरकार को चुनावी वादों को पूरा करना पड़ेगा, चाहे किसानों का कर्ज माफी हो, चाहे किसानों का धान का समर्थन मूल्य 21 सौ रुपए प्रति क्वि. खरीदी हो या चाहे तीन सौ रुपए प्रति क्विं. बोनस देना हो। इस दौरान विधायक शंकर धु्रवा, मनोज मंडावी, छाया वर्मा, शिशुपाल सोरी, अनिता भेडिया, माधवसिंह धु्रव, गंगा पोटाई, रामदयाल उयके, सुभद्रा सलाम, कौशिल्या शोरी, मांडवी दीक्षित, नरेश ठाकुर, मिथलेश सोरी, कांती नाग, टकेश्वर सिन्हा, सियो पोटाई, ऋषि नेताम, नितिन पोटाई, पुरुषोतम पाटिल, प्रति नेताम, अंबिका मरकाम, शिव डहरिया, भैया लाल सिन्हा, बिरेश ठाकुर, प्यारी सलाम, दिनेश सहरे, हृदय मरकाम, परदेशी निषाद, विजय ठाकुर आदि उपस्थित थे। संचालन राजेश तिवारी तथा आभार ऋषि नेताम ने किया।
Published on:
12 Oct 2017 02:33 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
