गुरुवार को कोतवाली पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर पथर्री पेट्रोल पंप के पास दो वाहनों से एक क्विंटल गांजा जप्त की है। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में खलबली मची है। कोतवाली पुलिस के अनुसार पथर्री में वाहनों के जांच के लिए कैंप लगाया था और राष्ट्रीय राजमार्ग पर आने जाने वाले वाहनों की जांच की जा रही थी। जांच के दौरान दो वाहनों को पुलिस ने रोका और उनका नाम पता पूछने पर सही सही जवाब नहीं मिलने पर पुलिस ने वाहनों की जांच की। जांच में दोनों वाहनों में पचास-पचास किलो गांजा बरामद हुआ। पकड़ में आते ही तस्कर जंगल की ओर भागने लगे। मौके पर मौजूद एसआई विक्रांत सोन, पुरषोत्तम कुर्रे, एचसी नागर्ची, एएसआई भुजबल साहू, प्रधान आरक्षक एसपी सिंह, थानेश्वर साहू, आरक्षक शक्ति सिंह, टोमेश्वर साहू, एनआर ठाकुर, सचिन शोरी ने तस्करों का पीछा कर कुछ ही दूर पर घेरकर धर दबोचा। इन तस्करों को गिरफ्तार कर दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की। उप निरीक्षक विक्रांत सोन ने बताया कि जांच के दौरान शक के आधार पर स्कार्पियो कार क्रमांक एमएच-19 बीजे 9499 व टोयटा की कार क्रमांक सीजी 04 केआर 8846 की जांच की गई। दोनों कार से कई पैकेटों में गांजा बरामद हुआ। इसके बाद दोनों कार में सवार नंदू मोहिते (२५) पिता मोतीराम निवासी जलगांव महाराष्ट्र, मयूर देशले (२३) पिता राजेंद्र निवासी चालीसगांव महाराष्ट्र, प्रकाश मोहिते पिता रघुनाथ निवासी जलगांव महाराष्ट्र, विजय मोहिते (३५) पिता लक्ष्मण निवासी औरंगाबाद महाराष्ट्र व शेख शब्बीर (५८) पिता शेख उस्मान निवासी मालेगाव महाराष्ट्र को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है। गांजा के साथ दोनों वाहन को भी जब्त कर लिया गया है।