
महिला के साथ शारीरिक संबंध बनाकर तीन बार किया गर्भपात, दबंगों की गुंडागर्दी से लोगों ने साध ली चुप्पी
कन्नौज. जिले में एक ऐसा चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसमें एक महिला से गांव का दबंग कई वर्ष तक शारीरिक सम्बन्ध बनाकर उसका शोषण करता रहा। इस दौरान तीन बार महिला का गर्भपात कराया गया। जब महिला ने मामले की शिकायत स्थानीय कोतवाली गुरसहायगंज में की तो दबंगों ने महिला को निर्वस्त्र गांव की गली में घुमाया और मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता ने राज्यमंत्री अर्चना पाण्डेय से गुहार लगाई, लेकिन सुनवाई नहीं हो सकी। पीड़ित महिला ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देते हुए न्याय की गुहार लगाई है।
जबरन बनाया शारीरिक सम्बन्ध
कन्नौज में डीएम से गुहार लगाने आयी पीड़ित महिला सुशीला की माने तो वह गरीब मजदूर महिला है। इसका लाभ उठाकर गांव का दबंग युवक पिन्कू उर्फ शैलेन्द्र सिंह पुत्र दुरबीन सिंह कई वर्षों तक जबरन शारीरिक सम्बन्ध बनाता रहा, जिस कारण कई बार गर्भपात करा चुकी है। रिपोर्ट दर्ज कराई, आशा ज्योति केन्द्र के माध्यम से भी जांच हुई और न्यायालय में बयान दर्ज हुए । तब दबंग आरोपी ने शादी का झांसा देकर समझौता कर लिया किन्तु शादी नहीं की और लगातार उत्पीड़न करता रहा ।
नहीं की किसी ने मदद
उसका कहना था कि 12 मार्च 18 को दोपहर करीब 1 बजे अपने दरवाजेे पर बर्तन धो रही थी। तभी पिन्कू अपने कई साथियों के साथ आया और रिपोर्ट दर्ज कराने की बात पर गन्दी-गन्दी गालियां देने लगा इस दौरान कई ग्रामीण एकत्र हो गए लेकिन दबंगों के भय के चलते कोई विरोध नहीं कर सका। किसी तरह घर में घुसकर जान बचाई। इसके बाद कई बार घर में घुसकर छेड़छाड़ व धमकी दे चुके हैं। जिससे उसका जीना दुश्वार हो गया है। जिलाधिकारी ने मामले की जांच करवाकर कार्रवाई आश्वासन दिया है।
Published on:
09 Aug 2018 01:39 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
