कन्नौज. डिम्पल के संसदीय क्षेत्र कन्नौज में गोरखपुर और फूलपुर के उपचुनाव में मिली जीत को लेकर सपा और बसपा कार्यकर्ताओं ने एक साथ जीत का जश्न मनाया। दोनों पार्टी के कार्यकर्ताओं ने एक साथ सड़क पर उतरकर पहले आतिशबाजी छुड़ाई उसके बाद ढोल लगाडों की थाप पर जमकर थिरके। इसी बीच एक दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत की बधाई भी दी।
गोरखपुर और फूलपुर के उपचुनाव में समाजवादी पार्टी और बसपा के गठबन्धन से मिली कामयाबी पर सपा का गढ़ कहे जाने वाला डिम्पल यादव के संसदीय क्षेत्र कन्नौज में कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गयी। कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी छुटाने के बाद ढोल लंगाड़ों पर जमकर नाच गाना किया। इस दौरान कुछ कार्यकर्ताओं ने जी0टी0रोड पर पटाखे भी छुटाये जिससे यातायात भी बाधित रहा, हालांकि इस खुशी में बहुजन समाज पार्टी व समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता आपस में बुआ भतीजे की जीत के नारे भी लगाते दिखे। इस दौरान सभी ने एक दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार भी किया।
जब बुआ-भतीजे के लगे नारे-
गोरखपुर और फूलपुर के उपचुनाव में समाजवादी पार्टी और बसपा का गठबन्धन से मिली कामयाबी का असर समाजवादी कार्यकर्ताओं पर उस समय दिखाई दिया जब सपा के कन्नौज सदर ब्लॉक के ब्लॉक प्रमुख ने बुआ-भतीजा जिन्दाबाद का नारा लगाकर इस गठबंधन को धार देने की कोशिश की। वैसे भी इस दौरान अखिलेश यादव मीडिया के सामने मायावती को बुआ कहकर इस रिश्ते को नया मोड़ दे ही चुके हैं।
लोहिया की शरण में बसपाई-
जैसे ही गोरखपुर और फूलपुर के उपचुनाव में समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी की जीत हुयी तो पहले से जश्न मनाने को तैयार बैठे दोनों पार्टी के कार्यकर्ताओं ने एक दूसरे को बधाई देते हुए ख़ुशी का इजहार किया। इसी बीच दोनों पार्टी के कार्यकर्ता जश्न मनाते हुए जीटी रोड पर लोहिया तिराहे पर आ गए। यहां पहली बार एक बात देखने को मिली कि हाथ में बसपा का झंडा थामे बसपा कार्यकर्ता लोहिया को नमन करते नजर आये।