पत्रिका एक्सक्लूसिव
नीरज श्रीवास्तव
कन्नौज. जिले के विकास खंड जलालाबाद के ग्राम पंचायत जेवा और ग्राम पंचायत बसीरापुर भाट की संयुक्त गोशाला में एक दर्जन से अधिक गायों की भूख और प्यास से तड़प कर मौत हो गई। मौके पर करीब आधा दर्जन गाय मरणासन्न हालत में मिलीं। इस मामले में हड़कंप तब मचा, जब सपा नेता व पूर्व ब्लॉक प्रमुख नवाब सिंह यादव पार्टी कार्यकर्ताओं संग गोशाला पहुंच गए। वहां का नजारा देख सपाइयों ने हंगामा किया तो मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें शांत कराया। उन्होंने कहा कि ऐसे गोरक्षकों पर गोहत्या का मुकदमा दर्ज होना चाहिए। मामले में जिलाधिकारी रवींद्र कुमार ने दोनों गांवों के सचिवों अरविंद और दिनेश चंद्र गिहार को निलम्बित कर दिया है। साथ ही क्षेत्रीय पशु चिकित्सा अधिकारी के निलंबन के लिए विभाग और मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी के खिलाफ शासन को पत्र भेजने के जिला विकास अधिकारी को निर्देश दिए हैं। वहीं जिला पंचायत राज अधिकारी से रिपोर्ट मांगी है। जबकि संबंधित ग्राम प्रधान को कारण बताओ नोटिस जारी की गई है।