
कन्नौज. सड़क किनारे खड़ी ओमनी वैन में अचानक आग लग गयी। आग लगने के बाद कार धू-धू कर जलने लगी। मेन मार्केट में खड़ी गाड़ी में आग लगने से लोग सहम गए। इससे आसपास दुकानदारों में भगदड़ मच गई। दमकल कर्मियों ने पुलिस की मदद से करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस ने वैन को कब्जे में ले लिया है। आग लगने का कारण अवैध ढंग से गैस की रिफिलिंग बताई जा रही है।
गैस की रिफिलिंग बना कारण-
कन्नौज जिले के छिबरामऊ कोतवाली अंतर्गत सौरिख तिराहे के निकट पंचू गुप्ता की मिठाई की दुकान है। बगल में घरेलू गैस की रिफिलिंग का अवैध कारोबार चलता है। यहां एक आदमी एक ओमनी वैन लेकर आया। वह सिलेंडर से गैस भरवाने लगा तभी उसी समय मिठाई की दुकान पर जल रही भट्ठी से चिंगारी निकली तो वैन ने आग पकड़ ली।
थोड़ी देर में वैन से तेज लपटें उठती देख आसपास को लोगों में दहशत फैल गई। लोग दुकानों को छोड़कर बाहर भाग आए। सड़क भी पूरी तरह से खाली हो गई। लोग काफी दूर खड़े होकर तमाशा देखने लगे। इसी बीच किसी ने यूपी-100 व फायर ब्रिगेड को सूचना देकर बुलाया।
एक घंटे की मशक्कत के बाद आग को गया बुझाया-
कोतवाली पुलिस की मदद लेकर दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। पुलिस ने इस दौरान दोनों ओर के यातायात को रोक दिया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग को बुझाया जा सका। आग बुझने के बाद पुलिस जली हुई वैन कोतवाली ले गई जबकि उसका चालक भाग निकला। प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार व्यास ने बताया कि दुकान मालिक के खिलाफ अवैध ढंग से गैस रिफिलिंग करने व वैन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई होगी। गाड़ी जलने की वजह से अभी तक उसके स्वामी का पता नहीं चल सका है। नंबर के आधार पर एआरटीओ कार्यालय से जानकारी करा रिपोर्ट दर्ज होगी।