
कन्नौज के चौकी इंचार्ज ने ऐसी रिश्वत मांगी जिसे सुनकर सब हैरान रह जाएंगे। चौकी इंचार्ज ने रिश्वत में 5 किलो आलू की डिमांड की। रिश्वत में आलू मांगने का ऑडियो वायरल होने के बाद एसपी ने चौकी इंचार्ज को सस्पेंड कर जांच शुरू करवा दी।
ये मामला सौरिख क्षेत्र के चौपुन्ना क्षेत्र का है। भावलपुर चौपुन्ना चौकी इंचार्ज रामकृपाल का पुलिस महकमे को शर्मसार कर देने वाला एक ऑडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। ऑडियो में चौकी इंचार्ज एक सब्जी बेचने वाले से 5 किलो आलू रिश्वत के रूप में मांगते दिख रहे हैं।
सब्जी व्यापारी दारोगा के डिमांड को पूरा करने में असमर्थ था। उसने कहा कि साहब हम काफी दिनों से परेशान हैं। बहुत नुकसान हो चुका है और धंधा बहुत मंदा चल रहा है। हम नहीं कर सकते। इसके बाद पुलिसकर्मी ने कहा कि अपने मामले में अपनी जमानत का इंतजाम करवा लेना इतनी छोटी सी बात तुमसे पूरी नहीं हो पाती। सब्जी व्यापारी डरकर बोला कि साहब 5 किलो तो नहीं, 2 किलो आलू ले लीजिए। सौदा 2 किलो पर तय हुआ तो चौकी इंचार्ज ने कहा कि अब तुम्हारा मामला निपट जाएगा।
पीड़ित ने चौकी इंचार्ज की कॉल रिकार्डिंग कर ली। कॉल रिकॉर्डिंग वायरल हुई तो मामला अधिकारियों के पास पहुंचा। पुलिस कप्तान अमित कुमार आनंद ने जांच टीम गठित की जिसमें चौकी इंचार्ज दोषी पाए गए। एसपी ने चौकी इंचार्ज को तत्काल सस्पेंड करते हुए उनके ऊपर विभागीय जांच के आदेश जारी कर दिया।
Updated on:
10 Aug 2024, 8:12 PM IST
Published on:
10 Aug 2024, 8:08 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.