
एयरपोर्ट पर यात्रियों के लिए बढ़ी न्यू अराइवल हॉल की सुविधा
कानपुर। यात्री सुविधाओं में कमी न हो, इसके लिए अहिरवां एयरपोर्ट अथॉरिटी ने फौरी तौर पर नया अराइवल हॉल बनाकर तैयार कर दिया है. इसमें यात्रियों को हर तरह की जरूरी सुविधाएं दी गई हैं. आपको बता दें कि 450 स्क्वॉयर मीटर में बने इस हॉल में 225 यात्री आराम से बैठ सकेंगे. इसके अलावा और क्या होगा यहां, आइए जानें.
ऐसी मिली है जानकारी
प्राप्त जानकारी के अनुसार किराए पर बने इस हैंगर के लिए एयरपोर्ट अथॉरिटी हर महीने 5 लाख रुपए किराए के तौर पर भुगतान करेगी. अन्य सभी सुविधाएं जैसे एसी, लाइट, सोफे, बैठने आदि की व्यवस्था एयरपोर्ट अथॉरिटी की ओर से खुद की जाएगी.
ऐसा कहना है अधिकारी का
इस बारे में चकेरी एयरपोर्ट के डायरेक्टर जमील खालिद ने बताया कि जब तक नए टर्मिनल की व्यवस्था नहीं हो जाती है, तब तक इस हैंगर का इस्तेमाल किया जाएगा. मौजूदा टर्मिनल के एक्सपेंशन का कार्य शुरू कर दिया गया है. न्यू अराइवल हॉल के अंदर यात्रियों के लिए वॉश रूम से लेकर खाने-पीने की भी व्यवस्था का इंतजाम किया गया है.
लेट हुई फ्लाइट
गुरुवार को मुंबई से आने वाली फ्लाइट ने अपने निर्धारित समय से काफी देरी से उड़ान भरी. मुंबई से चकेरी एयरपोर्ट पर फ्लाइट 4.50 बजे लैंड हुई, जबकि इसका निर्धारित समय 1 बजे का है. इसी तरह से कानपुर से मुंबई के फ्लाइट ने शाम 5.15 बजे उड़ान भरी, जबकि इसका समय 2 बजे का है. इस कारण से यात्रियों में काफ़ी नाराजगी देखी गई. सभी को लंबे समय तक एयरपोर्ट पर ही इंतजार करना पड़ा.
बढ़ी यात्रियों की संख्या
आपको बताते चलें कि कानपुर और मुंबई के बीच फ्लाइट में यात्रियों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है. इस क्रम में बता दें कि गुरुवार को कानपुर से मुंबई 128 यात्री गए, जबकि मुंबई से कानपुर 162 यात्री आए. इसी तरह से दिल्ली से कानपुर आने वाले यात्रियों की संख्या 61 थी, जबकि कानपुर से दिल्ली जाने वाले यात्रियों की संख्या 66 रही.
Updated on:
13 Oct 2018, 11:34 AM IST
Published on:
13 Oct 2018, 11:34 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.