
सपा-बसपा के फर्जी वोटरों को मतदाता सूची से बेदखल करेगी भाजपा
कानपुर . मायावती-अखिलेश के गठजोड़ को धूल चटाने के लिए भाजपा अध्यक्ष और राजनीति के चाणक्य अमित शाह ने शानदार प्लान बनाया है। इस प्लान की भनक लगते ही सपा-बसपा में हडक़ंप मच गया है। सपा और बसपा ने इसे सत्ता के दुरुप्रयोग करार देते हुए आरोप लगाया है कि भाजपा को निष्पक्ष चुनाव कराना चाहिए। बसपा का कहना है कि गठबंधन से डरकर अमित शाह ने गंदी राजनीति करना शुरू कर दिया है। दूसरी ओर, भाजपा ने अपने प्लान को चुनाव की शुचिता से जोड़ते हुए जायज करार दिया है।
क्या अपने फर्जी वोटरों को भी सूची से बाहर करेगी भाजपा
दरअसल, चुनावी तैयारियों को दुरुस्त करने में जुटी भाजपा ने पहले चरण में विरोधी दलों यानी सपा, बसपा, कांग्रेस और रालोद के फर्जी वोटरों को मतदाता सूची से बेदखल किया जाएगा। भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व ने मिशन-2019 के लिए फर्जी मतदाताओं को मतदाता सूची से निकलवाने और नए मतदाता बनाने के लिए जिम्मेदारी और जवाबदेही को तय कर दिया है। जनसंघ के संस्थापक श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस 23 जून से 25 जून तक बूथ स्तर तक पहुंचकर भाजपा के प्रमुख लोग मतदाता सूचियों का निरीक्षण करेंगे। इसके लिए संगठन के प्रदेश पदाधिकारियों से लेकर मंत्री, सांसद और विधायकों को भी बूथों तक पहुंचने की हिदायत दी गई है। इस अभियान पर सपा-बसपा का सवाल है कि क्या सूची में दर्ज भाजपा के फर्जी वोटरों को भी बाहर किया जाएगा ? इस सवाल पर कानपुर भाजपा के उत्तर जिलाध्यक्ष सुरेंद्र मैथानी ने जवाब दिया कि भाजपा फर्जी वोटिंग और फर्जी मतदाता बनाने में विश्वास ही नहीं करती है। सपा-बसपा ने बड़े पैमाने पर फर्जी लोगों को मतदाता बनवाया है, इसी कारण मतदाता सूची की सफाई से खौफजदा हैं।
मतदाता सूची की बदौलत 50 फीसदी वोट का इंतजाम
लोकसभा चुनाव में सपा-बसपा-कांग्रेस और रालोद के संभावित गठबंधन को लेकर भाजपा बहुत सजग है। मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान प्रभारी और भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष जेपीस राठौर ने बताया कि सभी मंत्री, विधायक और सांसद 23 से 25 जून के बीच अपने बूथ पर जाकर मतदाता पुनरीक्षण का कार्य करेंगे। बूथ पर एक-एक परिवार में जाकर मतदाता सूची में नए मतदाता को जुड़वाने व फर्जी मतदाताओं के नाम बीएलओ के माध्यम से हटवाएंगे। सभी सांसद, विधायक अपने निर्वाचन क्षेत्र के बूथों पर पुनरीक्षण करेंगे। इस अभियान में सांसदों के साथ ही पदाधिकारियों को भी जिम्मेदारी सौंपी है। चर्चा है कि पार्टी की कोशिश है कि मतदाता सूची से विरोधी दलों के फर्जी वोटरों को हटा दिया जाए तो प्रत्येक बूथ पर तीन-चार सौ वोटों का अंतर हासिल हो जाएगा, यह अंतर प्रदेश की 20 लोकसभा सीटों पर जीत के लिए मददगार होगा। 23 जून को प्रदेश उपाध्यक्ष संजीव बालियान मुजफ्फरनगर, पुरुषोत्तम खण्डेलवाल फीरोजाबाद, दयाशंकर सिंह फैजाबाद, प्रदेश महामंत्री विजय बहादुर पाठक मुजफ्फरनगर, अशोक कटारिया बिजनौर, प्रदेश मंत्री अनूप गुप्ता लखनऊ जिला, देवेन्द्र सिंह चौधरी मेरठ महानगर, धर्मवीर प्रजापति हाथरस, अंजुला माहौर आगरा महानगर, कामेश्वर सिंह खलीलाबाद व सुब्रत पाठक औरैया में मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान के तहत बूथ पर सम्पर्क करेंगे। इसी प्रकार 24 जून को प्रदेश उपाध्यक्ष जेपीएस राठौर लखनऊ महानगर, कान्ता कर्दम शामली, जसवंत सैनी सहारनपुर, नवाब सिंह नागर हापुड़, पद्म सिंह चौधरी बलरामपुर, अक्षयवर लाल गौड़ श्रावस्ती, लक्ष्मण आचार्य सोनभद्र, डॉ. राकेश त्रिवेदी प्रतापगढ़, रंजना उपाध्याय बांदा, सुधीर हलवासिया हरदोई, प्रदेश महामंत्री विजय बहादुर पाठक लखनऊ जिला, विद्यासागर सोनकर बाराबंकी, सलिल विश्नोई उन्नाव, गोविंद नारायण शुक्ल आगरा, प्रदेश मंत्री देवेंद्र सिंह चौधरी बागपत, संतोष सिंह गोंडा, देवेश कोरी फतेहपुर, रामतेज पाण्डेय जौनपुर, प्रकाश पाल कानपुर देहात, संजय राय भदोही, त्रयम्बक त्रिपाठी लखनऊ जिला, वाईपी सिंह गौतमबुद्ध नगर जिले में मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान के तहत बूथ पर सम्पर्क करेगें। अंतिम दिन यानी 25 जून को प्रदेश उपाध्यक्ष बीएल वर्मा बदायूं, शिवनाथ यादव वाराणसी, प्रदेश महामंत्री पंकज सिंह बाराबंकी में मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान के तहत बूथ पर संपर्क करेंगे।
Published on:
22 Jun 2018, 8:45 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.