
Death of mother and daughter by fire
कानपुर देहात. अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र रनिया चौकी क्षेत्र के जोगीपुर गांव मे एक विवाहिता सहित उसकी मासूम बेटी आग की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गए। मंगलवार देर रात करीब ढाई बजे कमरे से धुआं उठता देख सामने वाले दूसरे घर मे लेटे सास-ससुर ने जब शोरगुल सुना तो वह कमरे की तरफ भागे। चीख पुकार सुन आस पड़ोस के लोग भी मौके पर पहुंच गए और आग बुझाने का प्रयास करने लगे। वहीं, इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना पाकर घटनास्थल पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से जलीं मां-बेटी को जिला अस्पताल पहुंचाते हुए मृतक के मायके पक्ष को सूचना दी। जिला अस्पताल मे डॉक्टरों ने मासूम तान्या को मृत घोषित कर दिया, वहीं गम्भीर मां सुषमा को हैलट कानपुर भेज दिया गया, जहां उसकी भी मौत हो गई। पुलिस ने दोनों शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, पुलिस ने मृतक के ससुर को हिरासत मे लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं कपली से आए मृतक सुषमा के परिजनों ने हंगामा काटते हुए ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगाया है। सचेंडी थाना के कपली निवासी सुषमा की शादी करीब आठ साल पहले जोगीपुर रनिया मे मनोज के साथ हुई थी।
अचानक देर रात 2.30 बजे लगी आग
जानकारी के अनुसार जोगीपुर निवासी शिवकंठ का पुत्र मनोज उन्नाव मे फैक्ट्री में प्राईवेट नौकरी करता है और अपने परिवार के साथ वहीं रहता है। बताया गया कि दीपावली पर्व पर दूज के दिन सुषमा अपनी करीब 5 वर्षीय पुत्री तान्या को लेकर मायके कपली चली गई। बीते दिन वह वापस जोगीपुर आई थी। जोगीपुर में मनोज के दो मकान आमने-सामने बने हैं। रात में ससुर राधेश्याम व सास दूसरे घर मे लेट गए और एक घर मे सुषमा व पुत्री तान्या लेट गईं। बीती रात करीब 2.30 बजे अचानक सुषमा के कमरे से तेज धुआं सहित आग की लपटों के साथ चीख पुकार सुन सास-ससुर की आंख खुल गई। पड़ोस के लोग भी धुआं की तरफ भाग खड़े हुए और जैसे तैसे आग बुझाकर पुलिस को सूचना दी। सूचना पाकर रनिया चौकी इंचार्ज वीके तिवारी घटनास्थल पहुंच गए और गम्भीर हालात मे मासूम तान्या सहित सुषमा को जिला अस्पताल भेजा, जहां तान्या की मौत हो गई। डॉक्टरों ने मां को हैलट कानपुर रेफर कर दिया, जहां उसकी भी सुबह मौत हो गई।
मायके पक्ष के लोगों ने की तोडफ़ोड़
हंगामें की आशंका को भांपते हुए पुलिस ने घटना वाले कमरे मे ताला लगा दिया। पुत्री और नातिन की सूचना पर पहुंचे मायके पक्ष से पिता राधेश्याम ने ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा काटा। वहीं मृतक के भाई अनिल सहित अन्य परिजनों ने ससुरालियों के घर मे तोडफ़ोड़ की। हंगामा बढ़ता देख पुलिस ने मायके पक्ष को कार्रवाई का आश्वासन दिया, इसके बाद परिजन शांत हुए। वहीं पुलिस ने मृतक के ससुर शिवकांत को हिरासत मे लेकर पूछताछ कर रही है। बताया गया कि अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Published on:
25 Oct 2017 05:33 pm
बड़ी खबरें
View Allकानपुर
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
