
स्टेशन पर मुस्तैद होगी डॉक्टर्स की स्पेशल टीम, देगी समय पर इलाज
कानपुर। त्योहार में ट्रेनों में होने वाली यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने सुविधा के नाम पर एक नई व्यवस्था करने का उपाय खोजा है. इस उपाय के तहत ए-1 क्लास के स्टेशनों पर रेलवे डॉक्टर की स्पेशल टीम तैनात की है. डॉक्टरों की ये स्पेशल टीम सफर के दौरान बीमार पडऩे वाले यात्रियों को बेहतर उपचार मुहैया कराएगी. वो भी एकदम समय पर. इस बारे में रेलवे अधिकारियों का कहना है कि त्योहार के दौरान ट्रेनों से उपचार मुहैया कराने के लिए कंट्रोल रूम में कई मैसेज आते है. इसको ध्यान में रखते हुए अब रेलवे ने स्टेशन पर त्योहारों के दौरान डॉक्टरों की एक स्पेशल टीम को तैनात करने का आदेश सभी मंडल के डीआरएम को दिया है.
हर वक्त रिजर्व रखी जाएंगी एंबुलेंस
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर अब एक एंबुलेंस रिजर्व में हर वक्त रहेगी. अभी तक रेलवे अधिकारी बीमार पैसेंजर्स को 108 व 102 एंबुलेंस से सरकारी अस्पताल तक पहुंचाते हैं, जिसकी वजह से कई बार मरीजों को देर से इलाज मिल पाता है. कई बार तो उनकी हालत रास्ते में ही ज्यादा बिगड़ जाती है. स्टेशन पर रेलवे की एंबुलेंस खड़ी रहने से बीमार यात्रियों को समय पर अस्पताल पहुंचाया जा सकेगा.
पांच सदस्यीय टीम का होगा गठन
डीआरएम के आदेशानुसार दो डॉक्टर, एक फार्मासिस्ट व दो वार्ड ब्वॉय की टीम बनाई गई है, जो 24 घंटे कानपुर सेंट्रल स्टेशन स्थित डिप्टी कामर्शियल आफिस के संपर्क में रहेगी. कंट्रोल से मैसेज आने पर डॉक्टरों की स्पेशल टीम मरीजों का इलाज करेगी. इस बारे में एनसीआर के सीपीआरओ गौरव कृष्ण बंसल कहते हैं कि त्योहार के दौरान ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ बढ़ जाती है. सफर के दौरान यात्रियों के बीमार होने पर उनको समय पर उपचार मुहैया कराने के लिए यह फैसला लिया गया है. डॉक्टरों की स्पेशल टीम स्टेशनों पर हर वक्त मौजूद रहेगी.
Updated on:
07 Nov 2018 02:00 pm
Published on:
07 Nov 2018 02:00 pm
