
कानपुर। कहा जाता है कि दिल्ली की कुर्सी का रास्ता लखनऊ से होकर जाता है और जिसने यूपी फतह कर लिया, केंंद्र में उसकी सरकर बन जाती है। इसी के चलते सीएम योगी आदित्यनाथ ने मिशन 2019 फतह करने के लिए बागडोर संभाल ली है। बीजपी पूरे प्रदेश में 17 नवबंर से कमल संदेश यात्रा का आगाज करने जा रही है। जिसमें पार्टी के मंत्री, सांसद, विधायक, पदाधिकारी व कार्यकर्ता बाइक व साइकिल के जरिए गांव-गांव, गली-गली, शहर, कस्बा व मोहल्लों की खाक छानेंगे और कमल के पक्ष में महौल बनाएंगे। अभियान को सफल बनाने के लिए डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या कानपुर आए और समन्वय समिति की बैठक में भाग लेकर यात्रा का सफल बनाने का पाठ पढ़ाया।
बीजेपी ने तैयार किया चक्रव्यूह
लोकसभा चुनाव 2019 का बीजेपी ने पूरी तरह से शंखदान कर दिया है और इस कार्य को आरएसएस भी मजबूती प्रदान कर रहा है। अयोध्या के मुद्दे को जहां हवा दी जा रही थी तो वहीं यूपी में सपा-बसपा की काट के लिए जमीन पर चक्रव्यूह बनाया जा रहा है। मिशन को कामयाब बनाने के लिए बीजेपी आगामी 17 सितबंर से संदेश साइकिल यात्रा का आरंभ करने जा रही है और खुद सीएम बाइक का हैंडिल थाम कर गांवों का दौरा कर लोगों से सीधे रूबरू होंगे। यात्रा को सफल बनाने के लिए डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विवि के मीटिंग हॉल में समन्वय समिति की बैठक ली।
सांसदों का बनेंगा रिपोर्ट कार्ड
बीजेपी सूत्रों की मानें तो बैठक के दौरान डिप्टी सीएम ने पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से वर्तमान सांसदों के कामकाज के बारे में जानकारी ली। साथ ही नवबंर तक कानपुर-बुंदेलखंड के 9 सांसदों के कार्यो का रिपोर्ट कार्ड तैयार कर प्रदेश कार्यालय भिजवाने का आदेश दिया। बैठक के दौरान डिप्टी सीएम ने साफ शब्दों में कहा कि जो जनता के लिए कार्य करेगा उसे ही टिकट दिया जाएगा। साथ ही उन्होंने युवा कार्यकर्ताओं से कहा कि हमें आगामी लोकसभा की दस में दस सीटों पर कमल खिलाना है। 17 नवंबर की रैली सफल हो इसकी तैयारी आज से शुरू कर दें।
1500 बाइकों पर सवार होंगे कार्यकर्ता
बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत के दौरान डिप्टी सीएम ने बताया कि प्रदेश के सभी लोकसभा क्षेत्रों में चुनाव संचालन समिति की बैठकें होंगी। रविवार को कानपुर नगर की बैठक होगी, जिसमें कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही शामिल होंगे। वहीं, 10 से 15 नवंबर तक वरिष्ठ पदाधिकारी जाकर बूथ समितियों का अभिनंदन करेंगे। 17 नवंबर को प्रदेश भर में कमल संदेश यात्रा निकाली जाएगी। उस दौरान मुख्यमंत्री सहित सभी मंत्री और कार्यकर्ता बाइक से ही चलेंगे। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 1500 बाइक की रैली निकालने का लक्ष्य है। इसी के चलते डिप्टी सीएम ने कार्यकर्ताओं से कहा कि दिनरात एक कर दें और ज्यादा से ज्यादा गांवों तक अपनी पकड़ बनाएं।
तो कोमा में चले जाएंगे महागठबंधन के नेता
डिप्टी सीएम ने कहा कि बीजेपी की केन्द्र और राज्यों की सरकारों द्वारा किये जा रहे विकास कार्यों से जनता का रूझान पिछले लोकसभा की अपेक्षा अधिक बढ़ा हुआ है। जिससे यह तय हैं कि आगामी लोकसभा चुनाव में एक बार पार्टी की भारी जीत होगी और केन्द्र में मोदी जी के नेतृत्व में सरकार बनेगी। तो दूसरी तरफ सत्ता का ख्वाब देख रहे महागठबंधन के नेता जनता के रूख को देखते हुए आईसीयू में चले गये हैं। यही नहीं 2019 में जब वोटों की गिनती शुरू होगी तो यह लोग कोमा में चले जाएंगे। उन्होंने पदाधिकारियों से कहा कि अभी से चुनाव के लिए जुट जाएं और हर हाल में बूथ स्तर पूरी तरह से मजबूत होना चाहिये। साथ ही एमएसएमई के कार्यक्रम में भी हिस्सा लिये।