कन्नौज स्थित इत्र कारोबारी पीयूष जैन के घर से 27 दिसंबर को 23 किलो सोना बरामद हुआ था। काफी तादाद में सोने पर विदेशी मुहर लगी थी। सोना बरामदगी के मामले में 16 मार्च को डीआरआई ने पीयूष जैन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।16 मई से पहले पीयूष जैन के मामले में आरोप पत्र दाखिल करना था। विशेष लोक अभियोजक अम्बरीश टंडन ने बताया कि प्रिंसिपल एडिशनल डायरेक्टर जनरल डीआरआई लखनऊ आलोक चोपड़ा से स्वीकृत 430 पन्ने की चार्जशीट वरिष्ठ असूचना अधिकारी संतोष तिवारी ने दाखिल की है। धारा 135 कस्टम एक्ट में चार्जशीट दखिल करने से पहले कारण बताओ नोटिस भी पीयूष को दिया गया है। पीयूष के बदलते बयानों के लेकर डीआरआई ने माना कि सोना विदेशों से तस्करी करके लाया गया है। इसलिए उसका कोई ब्योरा नहीं दिया गया। पीयूष ने पहले सोना पुश्तैनी बताया, लेकिन फिर उसे बाहरी व्यक्ति से खरीदनी की बात कही। फिर भी वह कोई दस्तावेज नहीं दिखा सका है। पीयूष के मुताबिक सोना नकद खरीदा गया।