
4 साल का गुजर गया कार्यकाल, कानपुर पहले की तरह बीमार
कानपुर। केंद्र की मोदी सरकार ने 26 मई को अपने चार साल का कार्यकाल पूरा कर लिया। इस दौरान भजपा नेताओं ने रिपोर्ट कार्ड जनता के समक्ष पेश किया, जो कानपुर के लोगों को नहीं भाया। बतौर गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी 2013 को शंखदान रैली के लिए कल्याणपुर स्थित ग्राउंड पहुंचे थे। पूरा मैदान लबालब भरा था, जिसे देख कर नरेंद्र मोदी ने कहा था िक कानपुर में पहले भी आया लेकिन अपने सामने मानव सागर जो देख रहा हूं, ऐसा पहले कभी नहीं देखा। चिलचिलाती धूम में आप जो तपस्या कर रहे हैं मैं भरोसा दिलाता हूं कि इस तपस्या को बेकार नहीं जाने दूंगा। कानपुर की रैली ने मुझे जीत लिया है। मैं आप सबका अभिनंदन करता हूं, आप सबका वंदन करता हूं। दिल्ली में भाजपा की सरकार बनी तो बंद मिलें एक साल के अंदर चालू हो जाएंगी, गंगा का जल 2018 तक निर्मल करने के अलावा केंद्रीय विश्वविद्यालय के साथ ही एम्स की सौगात दूंगा । लेकिन इन चार साल गुजर जाने के बाद शहर की हालत पहले से ज्यादा खराब हो गई है। समाजसेवी सौरभ श्रीवास्तव कहते हैं कि कानपुर का तो नहीं हां मोदी सरकार का विकास जरूर पूरे देश में हुआ है।
मोदी के शब्द जनता को थे भाए
कानपुर के इंदिरा नगर स्थित बुद्धा पार्क में विजय शंखनाद रैली की शुरुआत नरेंद्र मोदी ने 2013 में की थी अपने 50 मिनट के भाषण के दौरान ने कांग्रेस मुक्त भारत, सपा-बसपा पर निशाना साधे और कई लोक लुभवन वादे किए। उन्होंने कहा था 60 साल तक कांग्रेस ने देश मे ंराज्य किया और पिछले कई दशक से सपा और बसपा की यूपी में सरकार रही। लेकिन किसी ने मां गंगा के जल को निर्मल करने का प्रयास नहीं किया। गंगा के सफाई के नाम पर जनता के टैक्स का पैसा इन सरकारों ने डकार लिया। केंद्र में भाजपा की सरकार बनेगी तो 2017 तक गंगा देश की पहली स्वच्छ और स्वस्थ्य नदी बन जाएगी। साथ ही गंगा की सफाई के लिए आए पैसे का सरकारों से एक-एक रूपए का हिसाब लूंगा। लेकिन चार साल में गंगा और प्रदूषित हो गई। एक भी नेता व व्यरोकेट्स गंगा सफाई के पैसे के गोलमाल में पकड़ा नहीं गया। समाजसेवी राजेंद्र खरे कहते हैं कि नेता एक है और वह हमें-आपको बांटकर कुर्सी पर बैठते आए हैं।
नहीं चालू हुई एक भी मिल
नरेंद्र मोदी ने लोकसभा चुनाव के दौरान अपनी रैली के दौरान कानपुर की बंद मिलों को शुरू कराए जाने का ऐलान किया था। यूपी के साथ ही देश की जनता ने गुजरात के सीएम को प्रधानमंत्री के पद पर बैठा दिया। मोदी सरकार ने चार साल का कार्यकाल पूरा कर लिया, लेकिन उन्होंने बंद मिलों को चलाए जाने पर कभी सुधि नहीं ली। सूती कपड़ों के उत्पादन और गुणवत्ता में देश-विदेश में कभी धमक रखने वाली यहां की कपड़ा मिलें अब गुजरे जमाने की चीज हो गई हैं। जिन कपड़ा मिलों के लिए कानपुर को उत्तर भारत के ’मैनचेस्टर’ का दर्जा प्राप्त था और यहां की एल्गिन मिल से तैयार तौलिये की तारीफ अमेरिका के होटलों में हुआ करती थी। उन मिलों ने अब धुआं उगलना बंद कर दिया। जिसके चलते आमशहरी और बेरोजगार हताश और निराश हैं। लोगों को उम्मीद थी कि मिलों की चिमनियों से फिर से धुअां निकलेगा और शहर के बेरोजगारों को रोजगार ? मिलेगा, पर इन चार सालों में ऐसा कुछ नहीं हुआ।
जायसवाल के साथ मुरली ने भी दिया धोखा
लाल इमली के पूर्व कर्मी राघव शुक्ला कहते हैं कि केंद्र सरकार के आधा दर्जन मंत्री उत्तर प्रदेश के हैं, फिर भी बंद पड़ी मिलों को चलाने की पहल केवल कागजों तक ही सीमित रही। हाल यह है कि दक्षिण भारतीय मंत्रियों ने अपने क्षेत्रों में एनटीसी की मिलें शुरू कराईं, लेकिन कानपुर में केवल घोषणाओं से काम चलता रहा। नेताओं की पैंतरेबाजी से अब लोग पूरी तरह से वाकिफ हो चुके हैं। शुकला कहते हैं कि दो बार से कानपुर से सांसद व केंद्र सरकार में मंत्री रहे श्रीप्रकाश जायसवाल ने मिलों को शुरू कराए जाने की सिर्फ बयानबाजी की। यही हाल वर्तमान सांसद डॉक्टर मुरली मनोहर जोशी का है। उन्होंने चुनाव के वक्त कहा था कि बंद मिलें चलवाई जाएंगी, लेकिन भाजपा की सरकार बनते ही लाल इमली के साथ जेके भी बंद हो गई। जोशी सांसद बनने के बाद मिलों पर बात करने से कतरातें हैं और इसी के चलते वो शहर बहुत कम ही आते हैं।
कभी डेढ़ लाख मजदूर करते हैं काम
एनटीसी में काम कर चुके उपेंद्र सिंह ने कहा कि केंद्र और राज्य के नेता एवं मंत्री अपने-अपने क्षेत्रों का विकास कराने में लगे हैं। मिलों की परवाह किसी को नहीं है। एल्गिन मिल में काम कर राजू सक्सेना ने बताया कि जिनके ऊपर इन मिलों को चलाने की जिम्मेदारी है, अब वही इनकी जमीनें बिकवाकर कमाई के चक्कर में पड़े हैं। सुनहरे दिनों को याद करते हुए राजू ने बताया कि कपड़ा मिलों में हर दिन 11 लाख मीटर कपड़ा बनता था और करीब डेढ़ लाख मजदूर इन मिलों में काम करते थे। यहां की मजदूर युनियन की तूती पूरे देश में बोलती थी। राजू कहते हैं कि इंदिरा गांधी ने आपातकाल लगाया और इसी के बाद एशिया के मैनचेस्टर की चिनमियों से धुंआ निकलना बंद हो गया। मिलें बंद होने के चलते हजारों युवा बेरोगजारी के चलते दूसरे राज्यों में कम पैसे में काम करने को मजबूर हैं। जब नरेंद्र मोदी ने पीएम पद की शपथ ली थी तो उम्मीद की किरण दिखी जो अब बुझ गई है।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
Published on:
28 May 2018, 9:46 AM IST
बड़ी खबरें
View Allकानपुर
उत्तर प्रदेश




