
दम घुटने और आंतकी गतिविधि की सूचना पर छावनी में तब्दील हुआ कोर्ट परिसर
कानपुर . अकेली महिला ने कानपुर कचेहरी में आतंकवादी हमला कर दिया। घटना के वक्त महिला के साथ सिर्फ बेटी थी। हमले में कई वकील झुलस गए, जबकि दर्जनों को अस्पताल में भर्ती होना पड़ा। चौंकिए नहीं, कोतवाली पुलिस की कार्रवाई और कचेहरी के वकीलों का दावा कुछ ऐसा है। कचेहरी में आतंकी हमले की सूचना के बाद भारी संख्या में पुलिस फोर्स और आला अफसर मौके पर पहुंच गए। कचेहरी परिसर का चप्पा-चप्पा घेर लिया गया। बम निरोधक दस्ता और एंटी सबोटाज टीम भी मौके पर पहुंच गई। लंबी जांच पड़ताल के बाद कचेहरी में आतंकी हरकत जैसा कुछ नहीं मिला। बावजूद अकेली महिला को गंभीर धाराओं में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। हकीकत में यह मसला जमीन-मकान से जुड़ा विवाद है। मुकदमे की तारीख लेने आई महिला को उसके वकील देवर ने घेरकर बहस करना चाहा तो महिला ने खुद के बचाव में स्प्रे का छिडक़ाव कर दिया। इसी बात का बतंगड़ बनाकर वकील देवर और उसके साथियों ने पहले तो अकेली महिला को मारा-पीटा। इसके बाद आतंकी हरकत का फर्जी सूचना फैलाकर प्रशासन में हडक़ंप मचा दिया। हकीकत सामने आने के बावजूद पुलिस ने वकीलों के दवाब में महिला के खिलाफ गंभीर धाराओं में रिपोर्ट लिखने में देरी नहीं दिखाई, जबकि महिला की गुहार को अनसुना कर दिया गया।
पैतृक संपत्ति को लेकर देवर-भाभी में विवाद
जानकारी के मुताबिक, शिवाला निवासी इंदू मिश्रा का चटाई मोहाल निवासी सगे देवर अविनाश मिश्रा से प्रॉपर्टी को लेकर विवाद चल रहा है। वर्ष 2012 को विवादित प्रापर्टी को लेकर मुकदमा भी दाखिल कराया गया था, जिसकी तारीख लेने के लिए बीते दिवस इंदू कोर्ट आई थी। वकालत की पढ़ाई करने वाली इंदु यूं तो बीमा कंपनी की एजेंट हैं, लेकिन कानून की डिग्री होल्डर होने के कारण खुद को वकील भी बताती हैं। अलबत्ता इंदु का बार काउंसिल में पंजीकरण नहीं है। गुरुवार को तारीख लेने कोर्ट पहुंचने पर इंदु का देवर अविनाश और उसके साथी वकीलों से विवाद हो गया। बहस अविनाश की तरफ से शुरू हुई थी। उन्होंने अपने साथियों से भाभी की ओर इशारा करते हुए कहाकि यह खुद को वकील बताती हैं, इनका रजिस्ट्रेशन नंबर तो पूछिए। जवाब में इंदु ने अविनाश को दो टके का वकील बता दिया। इसी के बाद गहमा-गहमी इतनी बढ़ गई कि मौके पर मारपीट होने लगी। इसी दौरान इंदु ने आत्मरक्षा में अपने पर्स में रखा स्प्रे वकीलों पर छिडक़ दिया
जलन और उमस से मौजूद लोग बुरी तरह से परेशान
स्प्रे का छिडक़ाव करते ही कोर्ट परिसर में मौजूद लोगों का बुरी तरह से दम घुटने लगा और देखते ही देखते बेचैनी बढऩे लगी। इसी दौरान अविनाश के साथी वकीलों ने जिला प्रशासन और पुलिस को भी आतंकी हमले की आशंका जताते हुए सूचना पहुंचा दी। जानकारी मिलते ही एसपी पूर्वी राजकुमार, सीओ कोतवाली अजय के साथ मौके पर पहुंच गए। बम स्क्वायड और एंटी सबोटाज टीम ने कोर्ट का चप्पा-चप्पा परखा, लेकिन कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। इस मामले में कोतवाली इंस्पेक्टर प्रमोद शुक्ला ने बताया कि पूछताछ के बाद मालूम पड़ा कि एक महिला ने आत्मरक्षा में पेपर स्प्रे छिडक़ा था, लेकिन मौके से इसके भी कोई साक्ष्य नहीं मिले हैं। इस कबूलनामे के बावजूद कोतवाली पुलिस ने देवर अविनाश की तहरीर पर इंदू मिश्रा के खिलाफ़ धोखाधड़ी, बलवा, ऐसा कार्य जिससे किसी की जान जोखिम में पड़ सके समेत अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मारपीट करने और महिला से बहस से आरोपी वकीलों पर कोई एक्शन नहीं लिया गया है।
एसपी पूर्वी ने बताया कि वकील के लिबास में आईं थी इंदु
इस पूरे मामले के बारे में एसपी पूर्वी राजकुमार अग्रवाल ने बताया कि अधिवक्ता अविनाश मिश्रा और उनकी भाभी इंदू मिश्रा के बीच प्रॉपर्टी को लेकर विवाद चल रहा है। गुरुवार को मामले में पेशी होनी थी। कोर्ट के बाहर इंदू ने स्प्रे का छिडक़ाव कर दिय, इससे अधिवक्ता अविनाश के शरीर पर चकत्ते पड़ गए। वहां मौजूद लोग भी बेचैनी महसूस करने लगे। उन्होंने बताया कि इंदू मिश्रा वकील नहीं हैं, फिर भी उन्होंने काला कोट पहना हुआ था। गैस रिसाव की सूचना पर बम निरोधक दस्ता और एंटी साबोटाज टीम मौके पर पहुंच गई थी।
Updated on:
05 Oct 2018 12:03 pm
Published on:
05 Oct 2018 09:32 am
