21 अप्रैल 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

भाजपा के 50 साल शासन करने के बयान पर अखिलेश ने किया जोरदार पलटवार

अब क्या जनता के सरकार चुनने के अधिकार की भी हत्या होगी। ऐसा लगने लगा है कि भाजपा जनता को दुख देने और परेशान करने की एक प्रयोगशाला खोल के बैठी है।

2 min read
Google source verification
akhilesh and amit

भाजपा के 50 साल शासन करने के बयान पर अखिलेश ने किया जोरदार पलटवार

कानपुर. भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में अगले 50 साल तक भाजपा के अजेय रहने के बयान पर सपा के सुल्तान यानी राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने जोरदार जुबानी हमला किया है। सोमवार को दो ट्वीट के जरिए अखिलेश ने भाजपा से सवाल पूछा है कि मीडिया, सांविधानिक संस्थानों व लोगों की भीड़तंत्रीय हत्याओं के बाद अब क्या जनता के सरकार चुनने के अधिकार की भी हत्या होगी। अखिलेश ने दूसरे ट्वीट ने कहा है कि अब तो ऐसा लगने लगा है कि भाजपा जनता को दुख देने और परेशान करने की एक प्रयोगशाला खोल के बैठी है। शाह के बयान को तानाशाही और ईवीएम से जोडक़र विपक्ष की बयानबाजी के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह को तलब किया है। कयास हैं कि अखिलेश के बयान के जवाब में भाजपा की आईटी सेल को कुछ नए सोशल मीडिया के हथियार देने की जुगत है।


अखिलेश का पहला ट्वीट दोपहर में, फिर दो घंटे बाद

सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोमवार को दोपहर करीब एक बजे पहला ट्वीट किया। इस ट्वीट में अखिलेश यादव ने लिखा कि - अहंकारी कह रहे हैं कि अगले 50 साल तक भाजपा सरकार ही रहेगी। मीडिया, सांविधानिक संस्थानों व लोगों की भीड़तंत्रीय हत्याओं के बाद अब क्या ये जनता के सरकार चुनने के अधिकार की भी हत्या करेंगे, जो ऐसे तानाशाही बयान दे रहे हैं. देखियेगा जनता अगले 50 हफ़्तों से पहले ही इनको जवाब दे देगी। ... इसके दो घंटे बाद अखिलेश ने एक और ट्वीट किया कि - नोटबंदी, जीएसटी, दलित, किसान, नारी व युवा उत्पीडऩ, महँगाई, बेरोजग़ारी, पेट्रोल-डीज़ल के रोज़ बढ़ते दाम, अमीरों से मुनाफ़ाख़ोरी के सौदे भाजपा के जन विरोधी कारनामे रहे हैं। अब तो जनता को ऐसा लगने लगा है कि भाजपा जनता को दुख देने और परेशान करने की एक प्रयोगशाला खोल के बैठी है।


अमित शाह ने 50 साल अजेय रहने का दावा किया था

गौरतलब हैकि आगामी लोकसभा और विधानसभा चुनावों पर मंथन के लिए भारतीय जनता पार्टी की दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के आखिरी दिन भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने दावा किया कि बीजेपी ही 2019 का चुनाव जीतेगी और अगले 50 सालों तक भाजपा को कोई हरा नहीं पाएगा। शाह ने 2019 चुनाव जीतने के लिए बीजेपी के नौ करोड़ कार्यकर्ताओं से कहा कि वे 22 करोड़ परिवारों के घरों में जाएं और सरकार के साढ़े चार साल के कार्यो को प्रमुखता से रखें। उन्होंने कहा, इस तरह संपर्क अभियान से 2019 चुनाव से पहले हम देश के सभी परिवारों तक अपनी पहुंच बना लेंगे। बहरहाल, कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्रीय इकाई से जुड़े एक नेता ने बताया कि अखिलेश ने शाह के बयान को गलत तरीके से पेश किया है। इस बात को चुनावी मुद्दा बनाने की कोशिश को भोथरा करने के लिए प्रधानमंत्री ने शाह को तलब किया है। जल्द ही भाजपा की आईटी सेल करारा जवाब देगी।