
कानपुर। समाजवादी पार्टी से अलग होकर नया दल बनाने वाले शिवपाल यादव जहां भतीजे को सियासत के अखाड़े में चित करने के लिए रणनीति बना रहे हैं तो वहीं उनके बेटे आदित्य यादव भी प्रगतिशील समाजवादी पार्टी लोहिया को आगे बढ़ा रहे हैं। कानपुर नगर व देहात दौरे पर आए आदित्य यादव ने जमकर सपा नेताओं पर हमले किए। उन्होंने कहा कि पिता का पिछले दो सालों से अपमान पार्टी के अंदर हो रहा था। उन्होंने कईबार समझौते का प्रयास किया, लेकिन राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव चापलूसों के बहकावे पर आते रहे। इसी के चलते हमने नया दल बनाया और हमें मुलायम सिंह यादव का आर्शीवाद मिला हुआ है। यदि मोर्चे मुझे 2019 में कन्नौज सीट से टिकट देता हैं तो मैं लोकसभा चुनाव लड़ने का तैयार हूं।
नेता जी के बताए रास्ते पर चल रहे
शिवपाल यादव ने अपनी नई प्रगतिशील समाजवादी पार्टी लोहिया का रजिस्ट्रेशन करा लिया है और अपने पुराने साथियों को एक-एक कर दल में शामिल कर समाजवादी पार्टी को कमजोर कर रहे हैं। जबकि उनके बेटे आदित्य यादव पिता की सियासत को धार देने के लिए हर दिन गांव-गली और मोहल्लों का दौरा कर पार्टी को मजबूत कर रहे हैं। कानपुर आए आदित्य यादव ने पत्रकार वार्ता के दौरान कहा कि मोर्चो मुलायम सिंह यादव (नेता जी) के बताए रास्ते पर चल रहा हैं नेता जी करीब चालीस साल से गरीब, पिछड़ों और अन्य समाज के लोगों के लिए लड़ते रहे हैं। उनके साथ पिता शिवपाल यादव कंधे से कंधा मिलाकर चलते रहे। इसी के चलते हमारी लड़ाई बीजेपी के साथ है। मोर्चो ही संप्रदायिक ताकतों को देश की सत्ता में आने से रोकेगा।
टिकट मिला तो लड़ेंगे चुनाव
आदित्य यादव ने कहा कि पार्टी अगर मुझे चुनाव में लड़वाती है तो मैं पूरी तरह से तैयार हूं। कन्नौज लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने का आदेश मिलता है तो वहां भी हम इलेक्शन में उतरेंगे और जीतेंगे भी। उनसे जब पूछा गया कि अगर अखिलेश यादव भी कन्नौज से नामांकन किया तो भी आप पर्चा दाखिल करेंगे। इस प्रश्न को आदित्य ने सीधे जवाब देने के बजाए कहा कि हम पार्टी हाईकमान के आदेश का पालन करेंगे। चुनाव के वक्त फिर से चाहे जो भी चेहरा आए। आदित्य यादव ने कहा कि ***** वक्त समाजवादी पार्टी में गिने-चुने नेता बचे हैं और 2019 का शंखदान होने के बाद उनमें से अधिकतर पिता शिवपाल के साथ होंगे।
सपा में एसी के अंदर बनती है रणनीति
समाजवादी सेक्युलर मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य यादव ने कहा कि 2019 के लोकसभा चुनाव में समाजवादी सेक्युलर मोर्चा की शानदार जीत होगी। कहा कि जनता का भरोसा हमारे साथ है। आदित्य यादव ने सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि वहां एसी कमरों में बैठकर रणनीति बनती हैं, जबकि समाजवादी सेक्युलर मोर्चा लोगों के बीच बैठकर अपनी नीति बनाएगा। उन्होंने कहा कि सपा में समाजवाद दम तोड़ रहा है। आदित्य यादव ने अखिलेश यादव को उनके ही गढ़ में हराने का दावा भी ठोंका। उन्होंने कहा कि मोर्चा मुलायम सिंह यादव के संसदीय क्षेत्र को छोड़कर प्रदेश की सभी सीटो पर चुनाव लड़ेगा।
हमारे साथ आ रहे नेता जी के करीबी
आदित्य यादव ने कहा कि हमारे साथ नेता जी के करीबी नेता समाजवादी पार्टी को छोड़कर आ रहे हैं। बताया, गाजीपुर से दो बार विधायक और मंत्री रहीं शादाब फातिमा, शारदा प्रताप शुक्ला, पूर्व मंत्री श्रीप्रकाश राय उर्फ लल्लन राय ने पार्टी की सदस्यता ले ली है। इसके अलावा इटावा से दो बार सांसद और विधायक रहे रघुराज सिंह शाक्य, .बिधूना से पूर्व विधायक प्रमोद गुप्ता भी समाजवादी सेक्यूलर मोर्चा का सदस्य बन चुके हैं। आदित्य ने बताया मोर्चे के अलावा हमारे शिवपाल फैन्य एसोसिएशन के कार्यकर्ता भी जीतोड़ मेहनत कर रहे हैं। यूपी में सिर्फ मोर्चा और बीजेपी के बीच चुनावी जंग होगी। आदित्य ने कहा कि अब मोर्चो किसी के साथ गठबंधन नहीं करेगा। छोटे-छोटे दलों को मिलाकर चुनाव के मैदान में उतरेगा।