कानपुर. आप अभी तक नेवला, कबूतर और मुर्गों के बीच दंगल देखते और सुनते आ रहे होंगे। लेकिन कानपुर के रामबाग में मकर संक्रांति त्योहार पर लगभग सौ साल से ज्यादा समय से बुलबुलों के बीच दंगल का आयोजन होता चला आ रहा है। इस दंगल में दो सौ से ज्यादा बुलबुलों ने अपने-अपने दांव पेंच आजमाए। फाइनल सुल्तान फतेहपुर और सिकंदर कानपुर के बीच हुआ। दस मिनट तक दोनों में जबरदस्त भिड़ंत हुई और आखिर में सुल्तान बुलबुल को अखाड़े से भागना पड़ा। रामबाग निवासी विजय जायसवाल ने बताया कि यहां पर साल में एक बार बुलबुलों के बीच लड़ाई होती है। दंगल होने के बाद सभी बुलबुलों को छोड़ दिया जाता है। उन्होंने बताया कि यह पूरी तरह धार्मिक आयोजन है। हम लोग बुलबुलों को पहले पकड़ते हैं और उन्हें पूरे साल तक लड़ाई के दांव सिखाते हैं और मकर संक्रांति के दिन दंगल के बाद छोड़ देते हैं।