
कानपुर. ‘मैं सास-ससुर के उत्पीड़न से थक चुकी हूं और अब मुझ में लड़ने की हिम्मत नहीं रही। इसी के चलते गंगा में कूदकर अपनी जान दे रही हूं।’ मरने से पहले जसलीन ने ऐसा कहते हुए फेसबुक पर एक वीडियो पोस्ट किया है, जिसमें उसने रोते बताया कि वह ऐसा खौफनाक कदम क्यों उठा रही है। अंतिम क्षणों में बनाये वीडियो में जसलीन ने अपने पिता से कहा कि मेरे मरने के बाद बेटे को ले जाना और उसे पढ़ा लिखकर अफसर बनाना। इसके बाद जसलीन ने वीडियो फेसबुक पर अपलोड किया और फिर गंगा बैराज में छलांग लगा दी।
पास में ही खड़े गोताखोरों ने यह नजारा देखा तो वे भी कूद पड़े और जसलीन को बाहर निकाल लाए। पुलिस को सूचना देने के साथ उसे हैलट पहुंचाया गया, यहां डॉक्टरों ने जसलीन को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने कार और मोबाइल बरामद कर लिया है। मामले में इंस्पेक्टर कोहना राजेश कुमार का कहना है कि परिजनों को जयपुर फोन कर दिया गया है। उनके आने के बाद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। शव मॉर्चुरी में रखवा दिया गया है। पति से पूछताछ हो रही है।
पांचवी बार फेल होने के चलते रहती थी परेशान
मृतका के पति पवनीत के मुताबिक, जसलीन पांचवीं बार सीए की परीक्षा में फेल हुई थी, जिसके कारण वह परेशान थी। इसी के चलते उसने जान दे दी। दो-तीन दिन पहले ही उसका रिजल्ट आया था। पति ने बताया कि घर में कोई विवाद नहीं था। वह सीए की परीक्षा में फेल होने के बाद उदास रहती थी। मैंने उसे बहुत समझाया और मायके जाने को कहा था। बसंत पंचमी के बाद मैं उसे लेकर जयपुर जा रहा था, लेकिन उससे पहले ही उसने अपनी जान दे दी।
वो पढ़ने में अव्वल थी, लेकिन…
जसलीन पढ़ने में अव्वल थी और सीए बनकर अपना करियर बनाना चाहती थी। पोस्ट ग्रेजुएशन के बाद उसने तैयारी करने के लिए दिल्ली जाने का मन बनाया। लेकिन पिता ने उसका विवाह तय कर दिया। पिता ने अपनी लाड़ली की शादी 7 साल पहले बड़े धूम-धाम के साथ की। वह मायके से विदा होकर ससुराल आ गई। आरोप है कि ससुराल में सास-ससुर ने उसका उत्पीड़न शुरू कर दिया। वह पति से उनकी शिकायत करती तो वह भी ध्यान नहीं देता। इस दौरान वह एक बेटे की मां बन गई और ससुरालवालों की ज्यादतियां सहन करती रही। बावजूद सास-ससुर उसके साथ बुरा व्यवहार करते रहे। इसी से आजिज आकर उसने खौफनाक कदम उठा लिया।
लोहा कारोबारी की पत्नी ने उठाया खौफनाक कदम
पांडुनगर निवासी लोहा कारोबारी पवनीत सिंह गांधी की शादी जयपुर निवासी जसलीन कौर से 27 नवम्बर 2011 को हुई थी। इनके एक बेटा समरजीत सिंह (4) है। पवनीत के मुताबिक शनिवार सुबह 11:30 बजे उसने जसलीन को फोन किया। तब उसने कहा कि वह कार लेकर जा रही है। उससे पूछा गया कि कहां जा रही हो तो उसने फोन काट दिया। घर फोन करके जानकारी करनी चाही तो भी जसलीन के बारे में कुछ पता नहीं चला। उधर, गंगा बैराज पहुंची जसलीन ने कार में ही वीडियो बनाया, जिसमें उसने कहा कि वह अपने सास-ससुर की वजह से आत्महत्या कर रही है। वह विक्कू (पवनीत) के साथ ही रहना चाहती है। उसके बाद वीडियो फेसबुक पर अपलोड किया और बिना कुछ सोचे-समझे गंगा में छलांग लगा दी। पास में ही खड़े गोताखोरों ने यह नजारा देखा तो वे भी कूद पड़े और जसलीन को बाहर निकाल लाए। पुलिस को सूचना देने के साथ उसे हैलट पहुंचाया गया, यहां डॉक्टरों ने जसलीन को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने कार और मोबाइल बरामद कर लिया।
सबसे पहले मौसी ने देखा फेसबुक वीडियो और…
जसलीन का वीडियो पोस्ट होने के साथ ही उसकी गंगानगर निवासी मौसी और पड़ोसी ने सबसे पहले उसके परिजनों को फोन कर जानकारी दी। तब जसलीन के भाई ने इसके पति से सम्पर्क किया गया। इसके अलावा शहर में अधिवक्ता करीम अहमद सिद्दीकी से भी बात की गई।