
करौली। लॉकडाउन के चलते माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की शेष रही परीक्षाएं गुरुवार से शुरू हुई हैं। आज पहले दिन जिले के 47 परीक्षा केंद्रों पर 12वीं कक्षा के गणित विषय की परीक्षा शुरू हुई है। कोरोना महामारी के मद्देनजर सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा को लेकर पहले परीक्षा केंद्रों को सेनेटाइज कराया गया। उसके बाद प्रत्येक परीक्षार्थी के हाथों को सेनेटाइज कराने के बाद ही प्रवेश दिया गया। हालांकि इस दौरान लगभग सभी केंद्रों पर थर्मल स्क्रीनिंग के आदेश की धज्जियां उड़ती नजर आई।
जिला शिक्षा अधिकारी की ओर से मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को पत्र लिखने के बावजूद अधिकतर परीक्षा केंद्रों पर कोई भी चिकित्सा कर्मी थर्मल स्क्रिनिंग करने के लिए नहीं पहुंचा। इसके चलते बिना स्क्रिनिंग के ही परीक्षार्थियों को प्रवेश देना पड़ा। इसे लेकर जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक भरत लाल मीणा ने बताया कि हमारी ओर से मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को पत्र भेज दिया गया था। उनके द्वारा थर्मल स्क्रिनिंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए थी। हालांकि सैनेटाइजर और अन्य सुरक्षा के बंदोबस्त सभी परीक्षा केंद्रों पर किए गए हैं। परीक्षार्थियों को सोशल डिस्टेंसिंग के साथ बिठाया गया। इस दौरान छात्र और शिक्षक मास्क लगाए नजर आए। साथ ही हाथ धोने के लिए साबुन और पानी की भी प्रबंध किए गए हैं।
हिंडौनसिटी में भी शेष रहीं 12 वीं बोर्ड परीक्षाएं शुरू हुई। राजकीय उच्च माध्य विद्यालय सहित अनेक परीक्षा केंद्रों पर सुबह 8:30 बजे से विज्ञान वर्ग की गणित विषय की परीक्षा हुई। इस दौरान विद्यार्थियों को हाथ धुलाकर व सोशल डिस्टेंसिंग से प्रवेश दिया गया। राजकीय उच्च माध्य विद्यालय परीक्षा केंद्र पर 257 परीक्षार्थी प्रविष्ट हुए। वहीं सबसे कम 16 परीक्षार्थी मोहन नगर के निजी विद्यालय में प्रविष्ट हुए।
Updated on:
18 Jun 2020, 12:12 PM IST
Published on:
18 Jun 2020, 12:10 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.