31 अक्टूबर 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

कौन है साक्षी मलिक का असली कोच, जांच के बाद मिलेगी इनाम की राशी

रियो ओलंपिक की विजेता साक्षी मलिक के असली कोच को लेकर छिड़ा विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

•

image

Yuvraj Singh Jadon

•

Updated: 1 Oct 2016, 2:42 PM IST

sakshi malik coach

sakshi malik coach

चंडीगढ़। रियो ओलंपिक की विजेता साक्षी मलिक के असली कोच को लेकर छिड़ा विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। इस विवाद के चलते हरियाणा सरकार ने कोच को दी जाने वाली इनामी राशि पर रोक लगा दी है। खेल मंत्री अनिल विज के अनुसार जांच-पड़ताल के बाद ही इनामी राशी दी जाएगी।

हरियाणा सरकार ने रियो ओलंपिक के दौरान विजेता खिलाडिय़ों के साथ उनके कोच को भी नगद पुरस्कार देने तथा विभागीय तरक्की देने का ऐलान किया था। रियो ओलंपिक में कांस्य पदक विजेता साक्षी मलिक के जीतने के बाद से ही कोच को लेकर विवाद चल रहा है। खेल जगत से जुड़े चार व्यक्तियों ने साक्षी मलिक के कोच होने का दावा किया था। रियो ओलंपिक में कुलदीप मलिक बतौर कोच साक्षी के साथ रियो में थे। साक्षी मलिक के वापस लौटने के बाद सरकार द्वारा आयोजित किए गए सम्मान समारोह में हरियाणा सरकार ने कुलदीप मलिक को इनाम के रूप में दस लाख रुपए के चैक की फोटोकॉपी दी थी। हरियाणा सरकार विभागीय प्रक्रिया पूरी करके कुलदीप मलिक को चैक देती इससे पहले ही विवाद शुरू हो गया।

मलिक के अलावा एक तरफ जहां रोहतक में कार्यवाहक खेल अधिकारी रहे राजवीर सिंह ने साक्षी मलिक का कोच होने का दावा किया वहीं ईश्वर सिंह और मनदीप सिंह नामक व्यक्तियों ने भी साक्षी मलिक के कोच होने का दावा किया था। चार व्यक्तियों के दावे के चलते हरियाणा सरकार द्वारा कोच को दी जाने वाली इनामी राशी तथा अन्य सुविधा किसी को नहीं दी गई।

हालांकि कई दिनों के विवाद के बीच साक्षी मलिक ने आज ईश्वर और मनदीप को ही अपना असली कोच बताया है। साक्षी मलिक का दावा है कि ईश्वर ने वर्ष 2004 से लेकर 2009 तक तथा मनदीप ने 2010 से अब तक उन्हें प्रशिक्षण दिया है। रियो ओलंपिक में उनके साथ गए कुलदीप मलिक केवल उनके नहीं बल्कि भारतीय दल के कोच के रूप में वहां गए थे। साक्षी मलिक द्वारा मीडिया में बयान दिए जाने के बावजूद हरियाणा सरकार ने इस संबंध में कोई फैसला नहीं किया है।

हरियाणा के खेलकूद मंत्री अनिल विज के अनुसार चार व्यक्तियों द्वारा कोच होने का दावा किए जाने के बाद यह मामला विवादित हो गया है। हालांकि खेल विभाग के नियमानुसार एक खिलाड़ी के एक कोच को ही इनाम दिया जाना प्रस्तावित है लेकिन साक्षी मलिक के केस में मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टर ने दोनों कोच को इनाम देने की बात कही थी। इसलिए अब पूरे मामले की जांच तथा साक्षी मलिक की लिखित स्वीकृति के बाद ही हरियाणा सरकार दो कोच को इनाम देगी।