
train
कटनी. जंक्शन में खड़ी ट्रेन में युवती के साथ गैंगरेप, यात्रियों के साथ लूट व चोरी, मुड़वारा स्टेशन में भी आएदिन हो रहीं घटनाएं, साउथ स्टेशन में चलती ट्रेन में महिला के ऊपर एसिड अटैक, हर समय स्टेशन में असामाजिक तत्वों का जमावड़ा...। इन सब पर हमेशा नजर बनाए रखना आरपीएफ और जीआरपी सहित रेलवे के अधिकारी-कर्मचारियों द्वारा नजर बनाए रखना संभव नहीं है, इसको लेकर अब रेलवे द्वारा सुरक्षा को लेकर बड़ी पहल की जा रही है। अब कटनी जंक्शन सहित शहर के दो अन्य मुख्य रेलवे स्टेशन मुड़वारा व कटनी साउथ में तीसरी आंख का पहरा सख्त होगा। स्टेशनों को सीसीटीवी कैमरों से लैस करने के लिए रेलवे द्वारा बड़ा प्लान तैयार किया गया है। रेलवे के कॉमर्शियल विभाग द्वारा यह निर्णय लिया गया, जिस पर शीघ्र ही काम शुरू होगा। स्टेशनों के कोने-कोने में कैमरे लगे होने से हर व्यक्ति पर नजर रखी जा सकेगी।
कटनी में लगेंगे 80 कैमरे
अकेले कटनी जंक्शन में 80 कैमरे लगाने का प्लान तैयार किया गया है। अभी स्टेशन में 16 स्थानों पर कैमरे लगे हैं, जो नाकाफी हैं। स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया, बुकिंग काउंटर, टिकट काउंटर, प्रवेश व निकासी द्वार, पूछताछ केंद्र, यात्री प्रतिक्षालय, सभी प्रकार के वेटिंग रूम, प्लेटफार्मों सहित फुट ओवर ब्रिज व प्लेटफॉर्मों के एंडिंग में सीसीटी कैमरे लगाए जाएंगे। इसके अलावा रेलवे अधिकारी व आरपीएफ को लगेगा कि यहां से भी कोई अपराधी स्टेशन तक पहुंच सकता है वहां पर कैमरे लगाए जाएंगे।
मुड़वारा और साउथ में भी सुरक्षा
मुड़वारा रेलवे स्टेशन और कटनी-साउथ रेलवे स्टेशन में भी सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने का निर्णय लिया गया है। अकेले मुड़वारा स्टेशन में 30 से अधिक कैमरे लगाए जाएंगे। यहां भी बुकिंग काउंटर, प्रतिक्षालय, प्लेटफॉर्म, प्रवेश और निकासी द्वार, मुख्य मार्ग सहित अन्य स्टेशनों पर कैमरे लगेंगे। साउथ स्टेशन में भी 10 से अधिक कैमरे लगेंगे। इनकी मॉनीटरिंग आरपीएफ करेगी। कंट्रोल रूम आरपीएफ पोस्ट में बनाया जाएगा।
इनका कहना है
स्टेशनों में यात्रियों की सुरक्षा को लेकर यह निर्णय लिया गया है। आरपीएफ और जीआरपी सुरक्षा के लिए मुस्तैद है ही। सीसीटी कैमरों से भी विशेष मॉनीटरिंग हो सकेगी ताकि कोई घटना न हो।
प्रियंका दीक्षित, सीपीआरओ।
Published on:
17 Jun 2019, 9:04 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.