कटनी. रेलवे में पीएफ चोरी और मजदूरों के नाम पर फर्जी खाते खोलकर मजदूरी हड़पने का मामला सामने आया है। फर्जीवाड़े के विरोध में भारतीय मजदूर संघ 23 जुलाई को सीएन्डडब्लू गेट के बाहर धरना देगा। यह मामला एनकेजे में स्थित रेलवे कारखाना सीएन्डडब्लू का है। पिछले दिसंबर को अंसारी इंजिनीरिंग एन्ड वेल्डिंग वक्र्स कंपनी का ठेका समाप्त हो गया। जब मजदूरों ने अपने पीएफ खातों की जांच की तो कोई भी राशि उन खातों में जमा नहीं थी। संगठन के द्वारा इसकी जांच करवाई गई तो पता चला कि कोटा, राजस्थान में सभी श्रमिकों के नाम से ठेकेदार के द्वारा बंधन बैंक में खाता खोला गया है, क्योंकि ठेका कंपनी कोटा की ही है और मजदूरों को इसकी भनक तक नहीं लगी। इन खातों में हर माह रेलवे के नियमानुसार वेतन आता रहा और ठेकेदार इस राशि को हड़पता रहा। इसके बदले मजदूरों को सिर्फ साढ़े 6 हजार रुपये ही नगद के तौर पर ठेकेदार के द्वारा दिए जाते थे जबकि वेतन लगभग चौदह हजार प्रतिमाह होता था। 35 मजदूरों के साथ यह गड़बड़ी की गई है।