
Katni-Bina rail track closed due to derailment
कटनी. बीना रेल लाइन पर सुमरेरी स्टेशन के समीप शुक्रवार की दोपहर ट्रैक सुधार कार्य में लगी मशीन के डिरेल हो जाने के कारण ढाई घंटे तक कटनी-बीना रेल लाइन का डाउन ट्रैक प्रभावित रहा। इसमें एक यात्री ट्रेन सहित कई मालगाडिय़ों का आवागमन प्रभावित हुआ। दो घंटे से अधिक समय तक चले रेस्क्यू के बाद मशीन रिरेल हुई और आवागमन बहाल हुआ। इसके बाद ट्रेनों का आवागमन शुरू हुआ। इससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। जानकारी के अनुसार कटनी-बीना रेलखंड पर 1004/8 किलोमीटर से 1004/10 सेक्शन के बीच में शुक्रवार दोपहर 12 बजे इलेक्ट्रिक विभाग का सुधार कार्य चल रहा था। इस दौरान ड्यूमेटिक मशीन पटरी से उतर गई। मशीन के पटरी से उतरते ही आवागमन बाधित हो गया। तत्काल कंट्रोल को सूचना मिली और रेस्क्यू शुरू हुआ। लगभग ढाई घंटे की मशक्कत के बाद ट्रैक पर मशीन और फिर 2.20 पर रिरेल ओके रिपोर्ट जारी की गई। इसके बाद डाउन ट्रैक से आवागमन शुरू हुआ। इससे ट्रेन क्रमांक 18235 भोपाल-बिलासपुर एक्सप्रेस कम पैसेंजर विलंब से पहुंची।
पांच गुड्स ट्रेन हुईं प्रभावित
इस हादसे की वजह से सिर्फ यात्री गाड़ी ही नहीं बल्कि मालगाडिय़ां में भी प्रभावित हुईं। बताया जा रहा है कि डिरेल के कारण पांच मालगाडिय़ां प्रभावित हुईं। हादसे के बाद गुड्स ट्रेनों को पीछे के स्टेशनों में रोक दिया गया। रिरेल होने के बाद ट्रैक से आवागमन बहाल हुआ और फिर ट्रेनें गंतव्य के लिए रवाना हुईं।
छह ट्रेनें 4 से 12 घंटे रहीं लेट, परेशान हुए यात्री
पिछले कुछ दिनों से खराब मौसम के चलते व रेलवे प्रबंधन की खामियों के चलते ट्रेनों का परिचालन गड़बड़ाया हुआ है। कई ट्रेनें विलंब से चल रही हैं। शुक्रवार को भी कई ट्रेनें विलंब से आईं, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। ट्रेन क्रमांक 01702 हरिद्वार-जबलपुर एक्सप्रेस 5 घंटे देरी से पहुंची। 20904 महामना एक्सप्रेस 2 घंटा 30 मिनट लेट रही। इसी प्रकार 11068 फैजाबाद-लोकमान्य तिलक 12 घंटे 30 मिनट लेट पहुंची। 11073 पुणे-गोरखपुर ज्ञानगंगा एक्सप्रेस 4 घंटा, 51679 कटनी-चौपन चार घंटा देरी से रवाना हुई।
नशे की हालत में गेट पर ड्यूट कर रहा था प्वाइंट्समैन, जांच शुरू
रेलवे गेट पर एक कर्मचारी नशे की हालत में पाया गया है। यह तो गनीमती की थी कि कर्मचारी के नशे में रहने के कारण किसी प्रकार का हादसा नहीं हुआ। रेल अधिकारियों ने मुलाहजा कराकर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार ग्रुप डी का कर्मचारी प्वाइंट्समैन मुकेश तिवारी साउथ स्टेशन के समीप गेट पर ड्यूटी कर रहा था। बताया जा रहा है कि ड्यूटी के दौरान वह अत्यंत नशे की हालत में था। स्थानीय लोगों ने तत्काल अधिकारियों को सूचना दी। रेल अधिकारियों ने आरपीएफ को भी सूचना दी। मुलाहजा में भी मुकेश तिवारी के नशे की पुष्टी हुई है। हालांकि इस मामले में एरिया मैनेजर प्रसंन्न कुमार ने कहा है कि मामला गंभीर है। इस पर कर्मचारी के विरुद्ध सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इनका कहना है
सुमरेरी स्टेशन के पास हुए डिरेलमेंट में ढाई घंटे कटनी-बीना डाउन ट्रैक बाधित रहा। इसमें भोपाल-बिलासपुर एक्सप्रेस कम पैसेंजर सहित मालगाडिय़ां प्रभावित रहीं। अब आवागमन सुचारू रूप से जारी है।
प्रसंन्न कुमार, एरिया मैनेजर, कटनी।
Published on:
3 Aug 2019, 12:24 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.