कटनी. अपनी सुविधा के लिए कर्मचारी किस तरह से संलग्नीकरण का फायदा उठाते हैं इसका एक बड़ा उदाहरण संभागीय कार्यालय में देखा जा सकता है। पांच साल पहले कुछ दिनों के लिए व्यवस्था संभालने के लिए गया कर्मचारी अबतक जबलपुर में ही डटा है। चार माह पहले कलेक्टर ने वापसी के लिए पत्राचार किया, लेकिन अधिकारियों से सांठगांठ के चलते वापसी नहीं करा रहा। जानकारी के अनुसार पांच साल पहले संभागीय कार्यालय में लिटिगेशन ऑफिस खुला था। उसके लिए कर्मचारियों की जरुरत थी। उसके आधार पर 9 जनवरी 2015 को राजेश जैन सहायक ग्रेड-3 कलेक्ट्रेट कार्यालय कटनी को संयुक्त आयुक्त (लिटिगेशन एवं समन्वय) कार्यालय जबलपुर में सहमति देने पर संलग्न किया गया था। कुछ दिनों के लिए यह व्यवस्था की गई थी, लेकिन इतने लंबे अंतराल तक संलग्नीकरण से कटनी के कार्य प्रभावित हो रहे हैं।