कटनी. 30 मई 2019 को झिंझरी में फेज-1 के 1512 फ्लैट बनकर तैयार हो जाने थे। यहां पर इडब्ल्यूएस के 792 जिसमें जी/पी+3, एलआइजी के 384 पी+6 व एमआइजी के 336 पी+6 फ्लैट बनने हैं। 113.05 करोड़ की टेंडर लागत व एग्रीमेंट लागत 117.46 करोड़ रुपये तय की गई है। 30 नवंबर 2017 से 18 माह में काम तैयार करना था। 30 मई को मियाद पूरी हो गई है। ठेकेदार ने काम समय पर नहीं किया तो एमआइसी ने 29 मई 2020 तक के लिए वर्षाकाल छोड़कर 8 माह के लिए मियाद बढ़ा दी गई थी, इसके बाद भी ठेेंकेदार बीआरपी एसोसिएट द्वारा काम नहीं कराया गया। काम पूर्ण न होने की मुख्य वजह ठेकेदार को समय पर भुगतान न होना बताया जा रहा है। तीन करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान ठेकेदार को बकाया है। कंसलटेंट एजेंसी, ठेकेदार और नगर निगम के अफसरों के बीच तालमेल न बैठ पाने के कारण गरीबों व जरुरतमंदों की पक्की व स्वयं की छत होने का सपना अभी भी सपना बना हुआ है। इस गंभी समस्या पर जिम्मेदार अधिकारी ध्यान दे रहे न जनप्रतिनिधि। हैरानी की बात तो यह है कि 79 हितग्राही 20 हजार रुपये की पहली किश्त जमा कर चुके हैं, कई लोगों के बैंक से फाइनेंस प्रक्रिया भी हो गई है। बैंक की किश्त चालू हो जाएगी और हितग्राही को आवास नहीं मिल पाएगा। ऐसे में मॉनीटरिंग पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।