कटनी. ठंड और घने कोहरे का असर मंगलवार को ट्रेनों पर भारी रहा। सुबह के वक्त राजधानी सहित अन्य क्षेत्रों से कटनी, मुड़वारा व साउथ रेलवे स्टेशन पहुंचे वाली ट्रेनों की रफ्तार प्रभावित रहीं। आधा दर्जन से अधिक ट्रेनें विलंब से पहुंची। इसके चलते यात्रियों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। एक ओर जहां यात्री ठंड के कारण परेशान हुए तो वहीं समय पर गंतव्य तक नहीं पहुंच पाए। एक हफ्ते से टे्रनों का शेड्यूल गड़बड़ाया है। जबतक मौसम साफ नहीं हो जाता रेल यात्रियों का सफर थोड़ परेशानी भरा रहेगा। हालांकि कुछ ट्रेनों में कोहरे से बचने डिवाइसें तो लगी हैं, लेकिन घने कोहरे में वे भी असरदार नहीं रह पा रहीं। जानकारी के अनुसार महाकौशल एक्सप्रेस मंगलवार को नौ घंटे देरी से कटनी पहुंची। सुबह 8 बजे के स्थान पर 5 बजे पहुंची। वहीं चित्रकूट एक्सप्रेस भी पांच घंटे लेट आई। सुबह 10.30 बजे कटनी पहुंची। जनता एक्सप्रेस एक घंटे लेट रही। पवन एक्सप्रेस भी विलंब से पहुंची। वहीं 12182 दयोदय एक्सप्रेस चार घंटे देरी से पहुंची। 19809 कोटा-जबलपुर व गोंडवाना एक्सप्रेस दो-दो घंटे देरी से पहुंचीं। हालांकि दोपहर में ट्रेनों की स्थिति में सुधार हो गया था।