
People protested over problems
कटनी. जन सेवा समिति के नेतृत्व में रविवार को बाल गंगाधर तिलक वार्ड क्रमांक एक के इंद्रानगर में वार्डवासियों ने मूलभूत सुविधाओं सहित अन्य समस्याओं को लेकर प्रदर्शन किया। जन सेवा समिति संयोजक छेदी लाल कोष्टा के नेतृत्व में बस्ती के लोग सड़क पर उतरे। नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। इस दौरान छेदीलाल कोष्ठा, एमजेएस लूसियन सहित अन्य लोगों ने समस्याएं रखीं। प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अड़े रहे। मांग पूरी न होने पर चक्काजाम करने की धमकी देते रहे। इधर, मामले की जानकारी लगते ही नगर निगम और पुलिस अमला मौके पर पहुंचा। नगरनिगम के अधिकारियों को लोगों ने पेयजल की गंभीर समस्या बताई। कहा कि पानी की सप्लाई बंद है। कई लोगों ने रुपये भी जमा किए हैं फिर भी बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रहे हैं। सड़क व नाली की सफाई नहीं होती, कीटनाशक दवाओं का छिड़काव नहीं होता। प्रधानमंत्री के स्वच्छ भारत के तहत हर घर में शौचालय के साथ प्रधानमंत्री आवास योजना के सभी पात्रों को लाभ नहीं मिल रहा। वार्ड में स्कूल भवन और स्वाथ्य केंद्र का निर्माण जल्द कराने की मांग रखी। इस मामले को लेकर कलेक्टर एसबी सिंह को फोन में अवगत कराया गया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था के मद्दनजर सीएसपी एमपी प्रजापति, कुठला विपिन सिंह, महिला थाना प्रभारी राखी पांडेय, सूबेदार विनोद दुबे सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।
मांग पर अड़े रहे प्रदर्शनकारी
प्रदर्शनकारियों से नगर निगम के कार्यपालन यंत्री राकेश शर्मा बात करने के लिए पहुंचे। साथ में जलप्रदाय विभाग के प्रभारी सुधीर शर्मा, सुनील सिंह भी मौजूद रहे। इस दौरान लोगों ने कहा कि हर हाल में कल से पानी चालू करा दिया जाए। इस बात पर कार्यपालन यंत्री ने कहा कि बिजली, सफाई, कीटनाशक दवाओं की जो मांग है वह पूरी कर दी जाएगी, पीएम आवास का लाभ भी पात्रता के अनुसार मिल जाएगा। स्कूल और स्वास्थ्य केंद्र के लिए प्रशासन स्तर पर पहल करनी होगी, लेकिन पानी उसी स्थिति में चालू होगा जब आप लोग रुपये जमा कर देंगे। क्योंकि उसी रुपये से हम लोगों की तनख्वाह निकलती है। दूसरी बात अमृत प्रोजेक्ट के तहत प्राइवेट कंपनी काम करती है, जबतक उसको रुपये नहीं मिलेंगे तो हमारी बात भी नहीं मानेगी। इस पर जनसेवा समिति के संयोजक छेदी लाल कोष्टा ने कहा कि गरीबों के पास रुपये होते तो इतने अभाव में क्यों जीते, नगर निगम रुपये जमा कराकर पेयजल उपलब्ध कराए, पब्लिक किश्तों में रुपये जमा कर देगी। काफी देर के बाद आश्वासन मिला और फिर चक्काजाम लोगों ने रद्द किया।
समस्या ने ऐसे लिया प्रदर्शन का रूप
बालगंगाधर तिलक वार्ड क्रमांक एक में मूलभूत सुविधाओं की कमी का 4 सितम्बर को नगर पालिक निगम को जन सेवा समिति ने ज्ञापन सौंपा। समाधान न होने पर 9 सितम्बर को स्मरण पत्र देते हुए चेतावनी दी गई कि अगर समस्याओं का तत्कला निराकरण नहीं किया गया तो 15 सितम्बर को प्रदर्शन व चक्काजाम आंदोलन किया जाएगा। रिमाइन्डर के बाद भी जब नगर निगम ने कोई कार्यवाही नहीं की तो नाराज वार्ड के लोगों ने रविवार को प्रदर्शन किया। इस दौरान भरत यादव, कला मिश्रा, संगीता निषाद ,गुड्डी आरख, तारा बर्मन, सरोज चौधरी, मुन्ना लौहार, मोहित निषाद, उमेश रैदास, राहुल रैदास सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
Published on:
16 Sep 2019, 12:15 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.