कटनी. जिले के बहोरीबंद विकासखंड में स्थित तिगंवा गांव ऐतिहासिक और पुरातात्विक महत्व रखता है। इसका महत्व नवरात्र में और भी बढ़ जाता है, जब दूर से लोग मां कंकाली के दर्शन व पूजन के लिए पहुंचते हैं। यहां स्थित मां कंकाली का मंदिर 5वीं शताब्दी का बताया जाता है, जो जिले के सबसे प्राचीन मंदिरों में से एक है। जिला मुख्यालय से लगभग 55 किमी और बहोरीबंद से 5 किमी की दूरी पर स्थित यह मंदिर ऐतिहासिक धरोहरों से समृद्ध है। तिगंवा, अमगवां और देवरी गांवों में स्थित यह मंदिर क्षेत्रीय आस्था और पुरातत्वीय धरोहर का अनूठा संगम है। मां कंकाली और मां शारदा की भक्ति के साथ-साथ मंदिर की अद्भुत स्थापत्य कला इसे ऐतिहासिक रूप से और भी महत्वपूर्ण बनाती है।
मां कंकाली मंदिर गुप्तकाल की स्थापत्य शैली का उत्कृष्ट उदाहरण है। यह मूलत: पत्थरों से निर्मित है और इसका आकार 12 फीट 9 इंच वर्गाकार है। मंदिर की छत गुप्त शैली के अनुसार सपाट बनाई गई है। मंदिर के मुख्य द्वार पर दोनों ओर गंगा और यमुना की प्रतिमाएं स्थापित हैं, जो उस समय की विशेष निर्माण शैली को दर्शाती हैं। इस मंदिर का मूल स्वरूप विष्णु मंदिर था, जिसके अवशेष आज भी परिसर में देखे जा सकते हैं। मंदिर के गर्भगृह का व्यास लगभग 8 से 9 फीट का है। मुख्य द्वार के बाईं ओर एक शिलापट्ट पर कंकाली देवी की मूर्ति अंकित है, जबकि दाईं ओर मां काली की प्रतिमा बनी हुई है। इसी शिलापट्ट के नीचे भगवान विष्णु अनंत शेष पर विराजमान हैं, जिनकी नाभि से कमल उत्पन्न हो रहा है और उस पर ब्रह्मा विराजमान हैं।