कटनी. एनकेजे थाना क्षेत्र के पड़रिया निवासी एक युवक ने ससुराल से लौटने के बाद दूसरे दिन घर में जहर पी लिया। परिजनों ने उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव का पीएम कराते हुए मर्ग कायम कर मामला जांच में लिया है। जानकारी के अनुसार पड़रिया निवासी कैलाश पिता कुंजीलाल श्रीवास ४१ वर्ष ने सोमवार की देर शाम घर में जहर पी लिया। हालत बिगडऩे पर परिजनों को मामले की जानकारी लगी और रात को वे उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि घटना से एक दिन पूर्व ही युवक अपनी सिमरा स्थित ससुराल पत्नी को लेने गया था। वहां पर पत्नी के भाई ने मारपीट करने की धमकी दी थी और उसके बाद से वह उदास था। परिजनों ने बताया कि युवक का पत्नी से विवाद था और दो माह से वह अपने मायके में रह रही थी। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर मामले को जांच में लिया है।
हरदुआ में प्रौढ़ ने लगाई फांसी
ढीमरखेड़ा थाना क्षेत्र के गोपालपुर ग्राम पंचायत के पोषित गांव हरदुआ में एक प्रौढ़ ने दोपहर को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। थाना प्रभारी सीके तिवारी ने बताया कि हरदुआ निवासी श्रीलाल पिता सुम्मा चौधरी ५० वर्ष दोपहर को अपने घर में फांसी के फंदे पर झूल गया। परिजनों ने उसे फांसी पर लटका देखकर पुलिस के सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए अस्पताल भेजा है। प्रौढ़ के फांसी लगाए जाने का कारण अज्ञात है. ग्रामीणों ने बताया कि प्रौढ़ सुबह से बस्ती में ही टहल रहा था और लोगों से चर्चा भी की लेकिन किसी को भी उसके किसी बात से दुखी होना समझ नहीं आया। साथ ही मृतक ने किसी से परेशानी आदि के संबंध में भी चर्चा नहीं की। पुलिस मामले की जांच कर रही है।