
कौशांबी. यूपी में सत्ता के नशे में चूर भाजपा कार्यकर्ता की गुंडई का मामला अक्सर सामने आता रहता है। ताजा मामला सैनी कोतवाली इलाके का है। सैनी कोतवाली के कमालपुर कस्बा स्थित हिंदुस्तान पेट्रोलियम के पेट्रोल पंप पर मोटरसाइकिल में पेट्रोल भरवाने को लेकर सेल्समैन व जिला गोरक्षा प्रमुख व उनके बेटे के बीच मारपीट हो गई। आरोप है कि मारपीट के दौरान सेल्समैन की जेब से आठ हजार रुपए निकाल लिए गए, घटना की पूरी वारदात पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे मे कैद हो गई।
भाजपा के शीर्ष पदाधिकारी भले ही अपने कार्यकर्ताओं को शालीनता का पाठ पढ़ाते हो, लेकिन जिले मे पहुंचने के बाद कार्यकर्ता नसीहतों को भूल अपनी मनमानी करने से बाज नहीं आते। अब पेट्रोल पंप के प्रबन्धक ने मामले की तहरीर सैनी कोतवाली में दी है पुलिस प्रकरण की जांच मे जुट गई है।
सैनी कोतवाली के कमालपुर कस्बे में हिंदुस्तान पेट्रोलियम का हमारा पंप के नाम से पेट्रोल पंप है। शुक्रवार की सुबह लगभग दस बजे मोटरसाइकिल में पेट्रोल भरवाने पहुंचे जिला गोरक्षा प्रमुख राकेश तिवारी व उनके बेटे नीरज तिवारी से पंप के सेल्समैन अवधेश शुक्ल के बीच कम पेट्रोल डालने की बात को लेकर कहा-सुनी हो गई, इस दौरान पिता-पुत्र ने सेल्समैन को पीट दिया।
पंप के दूसरे कर्मचारियों ने बीच बचाव किया। सेल्समैन का आरोप है कि मारपीट के दौरान उसके जेब मे रखा आठ हजार रुपया निकला लिया गया। मारपीट के बाद पिता-पुत्र मौके से भाग निकले। घटना के बाद पंप के प्रबन्धक वीरेंद्र साहू अपने सेल्समैन के साथ सैनी कोतवाली पहुंचे।
सीसीटीवी फुटेज के साथ शिकायत मिलने पर पुलिस ने जिला गोरक्षा प्रमुख, उसके बेटे व एक अन्य के खिलाफ मामले की रिपोर्ट दर्ज कर लिया है। सीओ सिराथू रामबीर सिंह का कहना है कि घटना की जांच की जा रही है जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
BY- SHIV NANDAN SAHU