
आंगन में खेल रहे मासूम बच्चों पर कहर बनकर गिरी बिजली, दोनों की मौत
कवर्धा. रेंगाखार थाना अंतर्गत ग्राम सरई पतेरा में आकाशीय बिजली गिरने से दो बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार शनिवार दोपहर 3.30 से 4 बजे के बीच आकाशीय बिजली (ightning) गिरने से संध्या लोहारा, 7 वर्ष और निशांत मेरावी 7 वर्ष की मौत हो गई। दोनों बच्चे घर के आंगन में खेल रहे थे। तभी यह हादसा हो गया।
अचानक कड़की बिजली और झुलस गए बच्चे
पिछले तीन दिन प्रदेश के सभी हिस्सों में रूक-रूककर बारिश हो रही है। ग्राम पतेरा में इसी दौरान आकाशीय बिजली कड़की और आंगन में खेल रहे दोनों बच्चे चपेट में आकर झुलस गए। परिजनों ने जैसे ही उन्हें देखा तुरंत एम्बुलेंस से लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लोहारा ले गए। जब तक डॉक्टरों ने उन्हें देखा तब तक दोनों बच्चों की मौत हो चुकी थी।
भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित
कवर्धा जिले में हो रही लगातार बारिश कई क्षेत्रों के लिए अब मुसीबत बनती जा रही है। बोड़ला ब्लाक के ग्राम अमेरा और लब्दा की बस्तियों में पानी भरा है। कुछ क्षेत्र में फसल भी बर्बाद हो गया है। दूसरी ओर कुकदूर क्षेत्र में आगर नदी और हाफ नदी में बाढ़ आ चुका है। जिसके कारण कई गांव से संपर्क टूट चुका है।
आवागमन बाधित
कवर्धा पंडरिया के हरिनाला में पानी चढ़ गया है। जिसके कारण आवागमन पूरी तरह से ठप हो चुका है। वहीं हाफ नदी पुल से ऊपर पानी बह रहा है। यात्री बस भी बड़ी मुश्किल से निकल पा रहे हैं। पानी का स्तर बढऩे के साथ सुरक्षा के इंतजाम किए जा रहे हैं। वहीं राहत और बचाव कार्य के लिए प्रशासन ने भी अलर्ट जारी कर दिया है।
Published on:
8 Sep 2019, 2:05 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.