
Arun Yadav's statement about Kamal Nath and BJP
खंडवा. मप्र कांग्रेस के अध्यक्ष पद से हटाए जाने के बाद अरुण यादव शनिवार को पहली बार खंडवा आए। यहां उन्होंने मंच से बड़ा बयान दिया। कहा कि बरसाती मेंढक आ गए हैं। टर्र-टर्र तो करेंगे ही। उनके इस बयान को अपनी ही पार्टी के प्रदेश नेतृत्व पर निशाने के रूप में देखा जा रहा है। इसके साथ ही कांग्रेस में कलह को फिर बल मिला है। उधर, भाजपा द्वारा मप्र में विधानसभा चुनाव-2018 में 200 पार का नारा देने के मामले में कहा कि वो मुंगेरीलाल के हसीन सपने देख रहे हैं। उनका भ्रष्टाचार का किला इस बार ध्वस्त होगा।
शनिवार दोपहर 12.26 बजे कर्नाटक एक्सप्रेस से खंडवा आए अरुण यादव ने कांग्रेस के जिला कार्यालय गांधी भवन में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित किया। इसमें मप्र में कांग्रेस की सरकार बनाने का आह्वान किया। साथ ही भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा। बता दें कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने मप्र में अरुण यादव की बजाय कमलनाथ पर विश्वास जताते हुए उन्हें अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी दी है जबकि ज्योतिरादित्य सिंधिया को चुनाव प्रभारी बनाया गया है। हालांकि उन्होंने ये स्पष्ट करते हुए कहा कि हम कमलनाथ के नेतृत्व में सब एकजुट हैं। क्योंकि वे प्रदेश ही नहीं बल्कि देश में कांग्रेस के सबसे वरिष्ठ नेताओं की सूची में शामिल हैं।
बरसाती मेंढक कौन है, ये आप पता कीजिए
अरुण यादव का संबोधन खत्म होने के बाद जब मीडिया द्वारा उनसे पूछा गया कि आपने बरसाती मेंढक वाली बात कही, उसके बारे में विस्तार से बताइए। तब उन्होंने कहा कि बरसाती सीजन में बरसाती मेंढक तो आते ही हैं, इसमें कौन-सी नई बात है। ये बरसाती मेंढक कौन है, क्या है, इसका पता आप लगाइए।
मालवा-निमाड़ की तरफ है सबकी नजर
मप्र में जब भी सरकार बनाने की बात आती है तो सबसे ज्यादा नजर मालवा-निमाड़ की तरफ ही जाती है। अरुण यादव ने दावा किया कि हम निमाड़ की सभी सीटों पर जीत दर्ज करेंगे। इसके लिए मैं खुद तो गांव-गांव और गली-गली जाऊंगा ही, पार्टी के सभी लोगों से भी आग्रह किया है कि वो भी लोगों तक पहुंचे।
सांसद, मंत्री, विधायक पर साधा निशाना
खंडवा जिले को इंस्पीरेशन जिले में शामिल किए जाने और इसकी निगरानी के लिए केंद्रीय मंत्री द्वारा गोद लिए जाने पर कहा कि क्या यहां के सांसद, मंत्री, विधायक काबिल नहीं है। जनपद और निगम तक भारतीय जनता पार्टी की हैं, उसके बाद भी दिल्ली से क्यों निगरानी हो रही है। मप्र की वर्तमान सरकार को किसान, दलित, महिला विरोधी करार देते हुए नौजवानों को बेरोजगार करने वाली सरकार बताया। यादव ने कहा कि हम 2018 में ऐसी सरकार बनाना चाहते हैं जो सभी वर्ग को राहत दे।
मेरा फैसला राहुल गांधी करेंगे, नंदकुमारसिंह को वो खुद जानें
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष पद से हटाए गए नंदकुमारसिंह चौहान के विधानसभा चुनाव लडऩे की चर्चाओं से जुड़े सवाल पर अरुण यादव ने कहा कि वो अपना फैसला खुद देखे कि उन्हें क्या करना है। मेरे भविष्य का निर्धारण मेरे नेता करेंगे, जो राहुल गांधी का आदेश होगा, उसका मैं पालन करूंगा। मैं आभार करता हूं मेरे वरिष्ठजन का जिन्होंने आज मुझसे कहा कि मैं चुनाव लडूं। साथी कार्यकर्ताओं की मांग मेरे लिए सर्वोपरि है।
बागियों को लेकर कहा- राहुल गांधी व कमलनाथ से बात करेंगे
बहुत सारे ऐसे लोग हैं, जिन्होंने पार्टी विरोधी काम किया है। भाजपा के साथ मिलकर पार्टी को नुकसान पहुंचाया है। ऐसे लोगों के बारे में राहुल गांधी और कमलनाथ से चर्चा करेंगे। हमारा उद्देश्य है कि ऐसे लोगों को ही मौका मिले, जिन्होंने पार्टी के लिए काम किया है, पार्टी को मजबूत करने की दिशा में काम किया है।
Published on:
12 May 2018 04:26 pm
बड़ी खबरें
View Allखंडवा
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
