खंडवा. श्रीमद्भगवत गीता न केवल धर्म का ज्ञान कराती है, बल्कि जीवन जीने का ढंग भी बताती है। महाभारत के युद्ध के पहले श्रीकृष्ण और अर्जुन के बीच का संवाद मानव के लिए प्रेरणादायी है। गीता के उपदेशों का अनुसरण कर हम न केवल खुद का बल्कि समाज का भी भला कर सकते हैं। पंडित नारायण शर्मा कहते हैं कि महाभारत के युद्ध में जब पांडवों और कौरवों की सेना आमने-सामने डटी थी, तो उस समय अर्जुन दुश्मन सेना में अपने बंधु-बांधवों को देखकर अवसादग्रस्त हो जाते हैं। तब अर्जुन (पार्थ) के सारथी बने श्रीकृष्ण (वासुदेव) उन्हें उपदेश देते हैं कि पार्थ तुम दुख का त्याग कर युद्ध करो। वर्तमान में भी जीवन की कठिनाइयों से लडऩे के लिए मानव को गीता में बताए सूत्रों को अपनाना चाहिए। गीता के सूत्रों को अपनाने से व्यक्ति उन्नति पथ की ओर अग्रसर होता है।