
Omkareshwar Dam Madhya pradesh,Omkareshwar Dam Madhya pradesh,Heavy rains in Khandwa, nine gates of Omkareshwar dam opened
खंडवा. बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र और अरब सागर से आ रही नमी के असर से खंडवा सहित अंचल में झमाझम बारिश का दौर जारी है। शुक्रवार शाम से जिले में शुरू हुई बारिश का सिलसिला शनिवार को भी चलता रहा। इस दौरान जिले में 407 मिमी यानी 16.07 इंच बारिश हुई। वहीं खंडवा में चार इंच बारिश दर्ज की गई। लगातार बारिश होने से बरसाती नदी-नाले उफान पर हैं। वहीं नर्मदा का जलस्तर भी बढ़ा है। मोरटक्का सहित अन्य घाटों तक पानी पहुंचने पर प्रशासन ने दुकानों को हटवाया। वहीं घाटों पर लोगों की आवाजाही प्रतिबंधित की गई। उधर, खंडवा-होशंगबाद मार्ग पर आशापुर स्थित अग्नि नदी में शुक्रवार रात उफान आई। पुल पर पानी आने से वाहनों की आवाजाही रोकी है। इस दौरान करीब छह घंटे तक खंडवा-हरसूद-होशंगाबाद मार्ग बंद रहा। इससे दोनों तरफ वाहनों की कतार लगी। इधर, जिले सहित ऊपरी हिस्सों में हो रही लगातार बारिश से इंदिरा सागर और ओंकारेश्वर बांध का जलस्तर बढ़ा है। बांध लबालब होने के बाद जलस्तर नियंत्रित करने के लिए शनिवार रात ओंकारेश्वर बांध के नौ गेट खोलकर पानी छोड़ा गया। वहीं इंदिरा सागर बांध के गेट खोलने को लेकर मंथन जारी है। रविवार को गेट खोले जा सकते हैं। एनएचडीसी प्रबंधन ने प्रशासन को पत्र जारी कर आगामी 24 से 48 घंटों में बांध के गेट खोले जाने के संबंध में पत्र जारी किया है।
खंडवा में 106 तो हरसूद, पुनासा हुई 105 मिमी बारिश
शुक्रवार और शनिवार को लगातार शहर सहित जिले में झमाझम बारिश का सिलसिला जारी रहा। बारिश से निचली बस्तियों में पानी घुसा। वहीं नाले चोक होने से सड़कें जलमग्न रही। इस दौरान खंडवा में शुक्रवार रात 93 मिमी और शनिवार सुबह से 13 मिमी बारिश हुई। वहीं हरसूद में 105, पंधाना में 44, पुनासा 105 और खालवा में 60 मिमी बारिश दर्ज की गई। इस प्रकार इस सीजन में 1 जून से अब तक जिले में 740.4 मिमी औसत बारिश हो चुकी है। जबकि पिछले वर्ष 22 अगस्त तक 673.7 मिमी औसत बारिश हुई थी।
3.30 बजे उतरा पुल से पानी, 6.30 बजे शुरू हुआ ट्रैफिक
बारिश के चलते शुक्रवार रात करीब 12.30 बजे आशापुर स्थित अग्नि नदी में उफान आई। पुल से ऊपर पानी आने पर खंडवा-होशंगाबाद मार्ग पर यातायात रोका गया। इससे पुल के दोनों तरफ वाहनों की कतार लगी। देर रात करीब 3.30 बजे पुल से पानी उतरा, लेकिन इस दौरान पानी में झाड़ सहित अन्य कचरा पुल पर आने से यातायात शुरू नहीं हो सका। ऐसे में सुबह उजाला होने के बाद पुल से मलबा हटवाया गया। इसके बाद सुबह करीब 6.30 बजे खंडवा-होशंगाबाद मार्ग पर यातायात सुचारू रूप से शुरू हो सका।
ओंकारेश्वर बांध के गेट खोले, आज इंदिरा सागर से छोड़ा जाएगा पानी
जिले सहित ऊपरी इलाकों में लगातार बारिश और बरगी व तवा डेम के गेट खुलने से जिले के इंदिरा सागर बांध और ओंकारेश्वर बांध का जलस्तर बढ़ा है। दोनों बांध लबालब हो गए हैं। इंदिरा सागर बांध में शनिवार को 17 हजार क्यूमेक्स पानी पहुंचा है। लगातार बढ़ रहे जलस्तर को देखते हुए शनिवार रात 8 बजे ओंकारेश्वर बांध के नौ गेटों को आधा मीटर तक खोला गया है। गेटों से 1100 क्यूमेक्स पानी छोड़ा जा रहा है। ओंकारेश्वर बांध का जलस्तर 195.93 मीटर पहुंच गया है। बांध का निर्धारित जलस्तर 196.60 मीटर है। इधर, इंदिरा सागर बांध में भी लगातार जलस्तर बढ़ रहा है। प्रबंधन ने आगामी 24 से 48 घंटों में बांध के गेट खोले जाने के संबंध में प्रशासन का अलर्ट पत्र जारी किया है। संभवत: रविवार को बांध के गेट खोले जा सकते हैं। शनिवार को इंदिरा सागर बांध का जलस्तर 258.60 मीटर रहा। जबकि इस बाध का निर्धारित जलस्तर 262.13 मीटर है। इंदिरा सागर परियोजना प्रमुख अनुराग सेठ ने बताया बांध का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। बैठक कर गेट खोलने का निर्णय लिया जाएगा। संभवत: रविवार को बांध के गेट खोले जा सकते हैं।
Updated on:
23 Aug 2020 07:54 am
Published on:
23 Aug 2020 06:01 am
बड़ी खबरें
View Allखंडवा
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
