5 सितंबर 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

बरसा अमृत… लंबे समय बाद हुई खंडवा में बारिश से फसलों को मिला जीवनदान

-अभी भी बारिश औसत से 8 इंच पीछे, पिछले साल की बारिश भी आगे निकली -दोनों प्रमुख बांधों का जलस्तर अब भी कम, बरगी से छोड़े पानी से इंदिरा सागर बांध के भरने की उम्मीद
2 min read
Google source verification

खंडवा

image

Manish Arora

Sep 05, 2026

weather news

खंडवा. शहर में दोपहर को हुई तेज बारिश।

जिले मे करीब दस दिन बाद जन्माष्टमी पर बादलों ने अमृत बरसाया है। गुरुवार रात से शुरू हुई बारिश शुक्रवार को भी दिनभर रुक-रुककर होती रही। शुक्रवार को कभी तेज तो कभी रिमझिम बारिश हुई। इस साल कम बारिश के चलते अभी भी जिले के दोनों प्रमुख बांध अपनी पूर्ण जल भराव क्षमता से नीचे है। इंदिरा सागर और ओंकारेश्वर बांध के गेट इस सीजन एक बार भी नहीं खुले है। बरगी से छोड़े जा रहे पानी से आगामी दिनों में इंदिरा सागर बांध का जल स्तर बढऩे की संभावना है।

मध्यम से तेेज बारिश हुई

गुरुवार को दिनभर आसमान पर बादल छाए रहे, लेकिन कुछ मिनट रिमझिम बारिश ही हुई। रात 12 बजे के बाद रिमझिम बारिश का दौर शुरू हुआ। सुबह कुछ देर मध्यम बारिश के बाद रुक-रुककर रिमझिम बारिश होती रही। दोपहर में एक बार फिर कुछ देर क लिए तेज बारिश का दौर चला। शाम से बारिश थम गई। मौसम वैज्ञानिक के अनुसार बैतूल की ओर से आए बादलों से बारिश हुई है। शनिवार को भी हल्की बारिश का दौर जारी रहेगा। बारिश के कारण शुक्रवार को तापमान में भी गिरावट हुई है। अधिकतम तापमान 2 डिग्री और न्यूनतम 1.6 डिग्री कम हुआ है। शुक्रवार को दिन का तापमान 29.1 डिग्री और रात का 19.4 डिग्री दर्ज किया गया।

पिछले 24 घंटों में जिले में 2.6 मिमी औसत वर्षा

पिछले चौबीस घंटों में जिले में 2.6 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई है। खंडवा में 6 मिमी, हरसूद में 4 मिमी, पंधाना में 0, पुनासा में 3 तथा खालवा में 0 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। उल्लेखनीय है कि गत वर्ष 4 सितंबर तक 637.8 मिली मीटर औसत वर्षा की गई थी, जबकि इस वर्ष अब तक जिले में 607 मिमी औसत वर्षा हो चुकी है। जिले की औसत बारिश 808 मिमी है, जिससे अभी भी 202 मिमी बारिश कम हुई है।

सवा मीटर खाली ओंकारेश्वर बांध

ओंकारेश्वर बांध अभी भी अपनी कुल भराव क्षमता से करीब सवा मीटर खाली है। खंडवा जिले में अपेक्षाकृत कम बारिश और ऊपरी जलग्रहण क्षेत्रों से पर्याप्त पानी की आवक नहीं होने के कारण फिलहाल बांध के गेट खोलने की स्थिति नहीं बनी है। बांध की सभी आठ टरबाइन चालू रखकर करीब 1900 क्यूमैक्स पानी छोड़ा जा रहा है। बांध से लगातार पानी छोड़े जाने के कारण ओंकारेश्वर के नर्मदा घाटों पर दिनभर पर्याप्त जलस्तर बना रहा। जन्माष्टमी के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने नर्मदा में स्नान किया।