
Khandwa schools case
खंडवा. नया शिक्षा सत्र शुरू होते ही ऑटो चालकों ने बच्चों की जान से खिलवाड़ फिर शुरू कर दिया है। बच्चों की सुरक्षा में बरती जा रही लापरवाही के मुद्दे को पत्रिका ने प्रमुखता से उठाया। चालकों की लापरवाही की खबरें प्रकाशित होने के बाद प्रशासन हरकत में आया और सोमवार को मनमानी कर क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाकर दौड़ रहे स्कूली ऑटो के खिलाफ कार्रवाई की। ट्रैफिक पुलिस की तीन टीमों ने अलग-अलग क्षेत्रों में स्कूली ऑटो की चेकिंग की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाकर दौड़ रहे तीन स्कूली ऑटो को जब्त किया है। ऑटो जब्त कर यातायात थाने में खड़े किए गए हैं। इन चालकों के खिलाफ पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है। प्रकरण में न्यायालय में पेश किए जाएंगे। यातायात पुलिस की माने तो लापरवाह स्कूल ऑटो और बसों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
कुछ ऑटो चालक बच्चों को छोड़कर भागे
यातायात पुलिस ने सुबह से ही स्कूली ऑटो की जांच शुरू की। इस दौरान नवचंडी क्षेत्र, हरसूद नाका, टैगोर पार्क मार्ग पर चेकिंग की। पुलिस की कार्रवाई देख ऑटो चालक में हड़कंप मच गया। वहीं कुछ चालक पुलिस को देख बच्चों को रास्ते में उतार कर चले गए। वहीं नियमानुसार बच्चों को बैठाकर निकले। वहीं दोबारा वापस आकर शेष बच्चों को ले गए। वहीं कुछ चालकों को कार्रवाई की सूचना मिली तो स्कूल से ही बच्चों को कम संख्या में लेकर आए।
तय नियमों के अनुसार ही बैठाना होंगे बच्चे
ट्रैफिक डीएसपी संतोष कौल ने कार्रवाई के दौरान चालकों को निर्देश देते हुए कहा पूर्व में बैठक के दौरान कलेक्टर और एसपी दौरान दिए गए निर्देशों के आधार पर ही बच्चों को बैठाना होगा। तय बच्चों से ज्यादा यदि कोई ऑटो चालक बच्चों को बैठता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। स्कूल ऑटो में करीब छह बच्चों को बैठा सकते हैं।
स्कूलों के प्रवेश द्वार पर सीसीटीवी कैमरा लगाए जाए
इधर, कलेक्टर विशेष गढ़पाले ने सोमवार को टीएल बैठक में अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा शहर सहित जिले की सभी स्कूली बसों में सीसीटीवी कैमरे लगे होना चाहिए। वहीं सुरक्षा के लिहाज से बसों की खिड़कियों में जालियां, बालिकाओं को ले जाने वाली बसों में महिला कर्मचारी तैनात होना चाहिए। इसके अलावा उन्होंने कहा सभी स्कूलों के मुख्य द्वार पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाए। साथ ही निजी स्कूलों के वाहनों के ड्रायवर, कंडेक्टर, चौकीदार, स्वीपर आदि कर्मचारियों का पुलिस से चरित्र सत्यापन कराने के जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए है।
Updated on:
03 Jul 2018 02:01 am
Published on:
03 Jul 2018 06:01 am
बड़ी खबरें
View Allखंडवा
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
