16 अगस्त 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

इतनी तेज बरसा पानी कि बह गई कार

बारिश से सड़कें हुई जलमग्न, तीन पुलिया रास्ता हुआ बंद
2 min read
Google source verification
Monsoon in khandwa

Monsoon in khandwa

खंडवा. मौसम के लगातार बदलाव के बाद शुक्रवार को शहर में झमाझम बारिश हुई। बारिश से सड़कें जलमग्न हो गई। चार घंटे में शहर में डेढ इंच बारिश दर्ज की गई है। हालांकि बारिश देररात तक जारी थी। सुबह से ही आसमान में बादलों में डेरा जमा रखा था। दोपहर करीब 1 बजे अचानक काले घने बादल छाने लगे। इससे अंधेरा छा गया। करीब 2 बजे झमाझम बारिश शुरू हुई। वहीं देर रात तक रिमझिम बारिश का दौर जारी रहा।
मौसम वैज्ञानिकों की माने शनिवार को भी झमाझम बारिश के आसार है। वहीं रिमझिम बारिश रातभर होने की संभावना बनी है। इधर, खंडवा में एक जून से अब तक 5.1 इंच बारिश हो चुकी है। जबकि पिछले वर्ष 5.5 इंच बारिश हुई थी। जिले की औसत बारिश 808 एमएम है। शुक्रवार को हुई बारिश से किसानों के चेहरे पर खुशी छा गई। बोवनी कर चुके किसानों को अच्छी बारिश का बेसब्री से इंतजार था। किसानों को कहना है कि फसलों को बारिश की आवश्यकता है। अगर इस समय बारिश नहीं होती तो शायद डबर बोवनी करने जैसी नौबत का सामना करना पड़ सकता था। पिछले दो-तीन वर्षों से किसानों को समय पर बारिश नहीं होने से कब उत्पादन होने से आर्थिक संकट का भी सामना करना पड़ा था।


तीन पुलिया में फंसी कार, लोगों ने निकाली
बारिश के दौरान शहर के बीचों-बीच स्थित तीन पुलिया नाले में पानी का स्तर बढ़ गया। इसी दौरान सिविल लाइन की ओर से आ रही कार नाले के रास्ते से होकर जाने लगी। तभी पानी का बहाव बढऩे से कार फंस गई। कार को फंसा देख आसपास के लोगों ने बचाव कर कार में सवार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। वहीं रस्सी की मदद से लोगों ने कार को पानी से बाहर निकाला।


नाले हुए चोक, दुकानों में घुसा पानी
तेज बारिश होते ही शहर के नाले चोक हो गए। ज्यादातर नाले चोक होने से पानी सड़कों पर जमा हो गया। नालों का गंदा पानी दुकानदारों में घुसा। पानी घुसने से दुकानदार परेशान होते रहे। दूध गली, फूलगली, नकोड़ा नगर, सिघाड़ तलाई आदि क्षेत्रों में बारिश का पानी जमा होने से आवागमन प्रभावित हुआ। यहां दिनभर लोग गंदे पानी से होकर निकलते रहे।


लगा जाम
इधर, बारिश होने के कारण तीन पुलिया नाले में पानी का स्तर बढ़ा। जिस कारण तीन पुलिया का रास्ता बंद हो गया। रास्ता बंद होने से सिविल लाइन क्षेत्र की ओर जाने वाले वाहनों का दबाव ओवरब्रिज पर बढ़ा। ब्रिज पर वाहनों की संख्या बढऩे से जाम की स्थिति निर्मित हुई। वहीं तीन पुलिया के रास्ते से रामेश्वर टेकड़ा, नवचड़ी क्षेत्र और आनंद नगर जाने वाले राहगीर रामेश्वर रोड होते हुए निकले। जिस कारण रामेश्वर रोड पर दिनभर जाम की स्थिति बनी।


अस्त-व्यस्त हुआ शहर
अचानक हुई तेज बारिश से शहर की सड़कें जलमग्न हो गई। मुख्य सड़कों पर पानी जमा होने से आवागमन प्रभावित हुआ। रेलवे स्टेशन रोड और दूध गली की दुकानों में पानी घुस गया। जिस कारण कुछ दुकानदारों ने दुकानें बंद कर दी। वहीं इन रास्तों से आवागमन करने वाले लोग परेशान हुए।


वाहन न निकाले
बारिश में सुरक्षा के लिहाज से पुल-पुलियाओं पर पानी होने पर वाहन पार नहीं करने के निर्देश जारी किए गए है। अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी जगदीश बिल्लौरे ने निर्देश देते हुए कहा यात्री वाहन चालक और परिचालक ध्यान रखे किसी भी पुल-पुलिया के ऊपर से पानी बहने की स्थिति में वाहन पार न किया जाए। इस निर्देश का उल्लंघन करने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।