11 सितंबर 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

नगर सरकार : करोड़ों के ड्रीम प्रोजेक्ट छह माह से कागजों में कैद, भोपाल से मंजूरी का इंतजार

नगर निगम ने शहर के विकास के लिए कई महत्वाकांक्षी योजनाओं का खाका तैयार किया है। जिसके प्रस्तावों को नगरीय प्रशासन विभाग के पास भेजा गया है। लेकिन शासन स्तर पर मंजूरी की प्रक्रिया लंबी खिंच रही है। इससे करोड़ों रुपए के प्रोजेक्ट जमीन पर उतरने के बजाय कागजों में ही अटके हुए हैं।
2 min read
Google source verification

खंडवा

image

Rajesh Patel

Sep 11, 2026

Municipal Corporation Khandwa

Municipal Corporation Khandwa

नगर निगम ने शहर के विकास के लिए कई महत्वाकांक्षी योजनाओं का खाका तैयार किया है। जिसके प्रस्तावों को नगरीय प्रशासन विभाग के पास भेजा गया है। लेकिन शासन स्तर पर मंजूरी की प्रक्रिया लंबी खिंच रही है। इससे करोड़ों रुपए के प्रोजेक्ट जमीन पर उतरने के बजाय कागजों में ही अटके हुए हैं।

करोड़ों रुपए के ड्रीम प्रोजेक्ट फाइलों में कैद

शहर की तस्वीर बदलने के दावे करने वाली नगर सरकार के करोड़ों रुपए के ड्रीम प्रोजेक्ट फाइलों में कैद हैं। किसी प्रस्ताव को छह माह हो चुके हैं तो कुछ की कागजी प्रक्रिया तीन माह बीतने के बाद भी पूरी नहीं हो सकी है। टाउन हाल में आधुनिक सेंट्रल मॉल, सिहाड़ा रोड पर इंट्रीग्रेटेड मल्टी टाउनशिप और नवकार नगर में पीएम आवास मल्टी कॉलोनी जैसे प्रोजेक्ट मंजूरी का इंतजार कर रहे हैं। मंजूरी में देरी से शहर के विकास और निगम की संभावित आय पर भी असर पड़ रहा है।

छह माह से अटका 47 करोड़ का सेंट्रल मॉल

टाउन हाल के भूखंड पर आधुनिक व्यावसायिक परिसर विकसित करने की योजना है। निगम इसे खंडवा सेंट्रल मॉल के रूप में विकसित करना चाहता है। इसके लिए करीब 47 करोड़ रुपए का प्रस्ताव छह माह पहले शासन को भेजा गया है। प्रस्ताव के अनुसार भूखंड का क्षेत्रफल 4511.67 वर्गमीटर है। यहां 8303.34 वर्गमीटर में निर्माण प्रस्तावित है। भवन जी-प्लस-4 होगा। इसकी ऊंचाई 15 मीटर रखी जाएगी। दो बेसमेंट में पार्किंग की सुविधा भी प्रस्तावित है। यहां 128 से अधिक कारों के लिए जगह होगी। आधुनिक व्यावसायिक परिसर से निगम को आय बढ़ने की उम्मीद है। फिलहाल भोपाल से मंजूरी नहीं मिलने से प्रोजेक्ट आगे नहीं बढ़ पा रहा है।

27 एकड़ की टाउनशिप भी मंजूरी के इंतजार में

सिहाड़ा रोड पर बड़े शहरों की तर्ज पर इंट्रीग्रेटेड मल्टी टाउनशिप विकसित करने की योजना है। इसके लिए 27 एकड़ क्षेत्र चुना गया है। निगम ने 40.86 करोड़ रुपए का प्रस्ताव नगरीय प्रशासन विभाग को भेजा है। योजना में ईडब्ल्यूएस और एलआईजी वर्ग के लिए आवास प्रस्तावित हैं। इसके साथ सड़क, पानी, बिजली, पार्क और बाजार जैसी सुविधाएं विकसित करने की योजना है। निगम को इससे आवासीय सुविधाएं बढ़ाने के साथ आय का नया स्रोत मिलने की उम्मीद है।

नवकार नगर : 210 पीएम आवास भी कागजों में

नवकार नगर में 210 पीएम आवास की मल्टी कॉलोनी प्रस्तावित है। इसका ब्लू प्रिंट तैयार कर शासन को भेजा जा चुका है। संयुक्त टीम भूमि का निरीक्षण कर रिपोर्ट भी दे चुकी है। दो दिन पहले भी इंजीनियरों की टीम ने भी स्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद भी प्रोजेक्ट जमीन पर नहीं अभी तक शुरू नहीं हो सका है। जबकि इसकी प्रक्रिया तीन माह से पहले ही पूरी हो चुकी है। जरूरी प्रक्रिया पूरी होने और अंतिम मंजूरी का इंतजार किया जा रहा है।

फैक्ट फाइल

47 करोड़ रुपए : टाउन हाल सेंट्रल मॉल का प्रस्ताव

27 एकड़ : सिहाड़ा में प्रस्तावित टाउनशिप

40.86 करोड़ रुपए : टाउनशिप का प्रस्ताव

210 आवास : नवकार नगर में प्रस्तावित पीएम आवास

इनका कहना :-प्रियंका सिंह राजावत, आयुक्त, ननि

सभी प्रस्ताव इन प्रोसेस हैं। ये नए तरह के प्रोजेक्ट हैं। इनके विश्लेषण में समय लग रहा है। प्रक्रिया पूरी होते ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।