खरगोन.
जिले में लगी धारा 144 के बीच मुख्यालय पर गुरुवार को विरोध प्रदर्शन, रैली व घेराव को लेकर गहमागहमी वाला माहौल रहा। विरोध प्रदर्शन करने वालों को रोकने के लिए अफसरों की खूब भागमभाग रही। कलेक्टोरेट परिसर में तो पुलिस को मोर्चा संभालना पड़ा। भीड़ को जवानों ने कलेक्टोरेट के बाहर किया। इन तमाम उठाटपक को देखते हुए अफसरों ने तल्ख अंदाज में कहा- समझाइश बहुत हो चुकी। अब गड़बड़ी की तो डंडा चलाएंगे। उल्लेखनीय है कि गुरुवार सुबह करीब 11 बजे कुंदा तट स्थित चौपाटी पर एकत्रित हुए लोगों को प्रशासन ने समझाइश देकर हटाया वहीं दोपहर करीब 1.30 बजे भाजयुमो के कुछ पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को एसडीएम अभिषेक गेहलोत ने जमकर फटकार लगाई और गिरफ्तारी की चेतावनी तक दे डाली। कार्यकर्ताओं ने मौके की नजाकत को समझते हुए कलेक्टोरेट छोड़ा।
गुरुवार सुबह करीब 10.30 बजे कुंदा तट स्थित चौपाटी पर नागरिक संशोधन बिल व एनआरसी के विरोध में एआईएमआईएम संगठन के बैनर तले करीब ३०० लोग एकत्रित हुए। वे रैली निकालकर बिल के विरोध में ज्ञापन सौंपने की तैयारी में थे। इसकी भनक लगते ही एसडीएम अभिषेक गेहलोत, एसडीओपी ग्लेडवीन कार, टीआई ललितसिंह डागुर सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा। देर तक गहमागमी बनी रही। अफसरों की समझाइश के बाद मामला शांत कराया। यह मामला निपटा ही था कि दोपहर करीब १.३० बजे बेरोजगारी को लेकर राज्य सरकार के विरोध में भाजयुमो ने मोर्चा खोला और कलेक्टोरेट जा धमके। नारेबाजी करते हुए धरने पर बैठे। कार्यकर्ताओं के इस रवैये से एसडीएम नाराज हो गए। उन्होंने पहले तो पदाधिकारियों को जिले में धारा १४४ लागू होने का हवाला दिया। कार्यकर्ता नहीं माने तो एसडीएम ने उन्हें जमकर फटकार लगाई। इसके बाद भी कार्यकर्ताओं का विरोध नहीं थमा तो एसडीएम ने तत्काल कंट्रोल रूम फोन लगाकर पुलिस फोर्स भेजने के निर्देश दिए। एसडीएम की नाराजगी को भांपते हुए कार्यकर्ता एक-एक कर कलेक्टोरेट से बाहर निकल आए। हालांकि मामले में किसी के खिलाफ कोई एक्शन नहीं लिया गया।