
डैम फूटते ही डूब जाएंगे दर्जनों गांव, जान बचाने घर छोड़कर भाग रहे लोग, देखें लाइव वीडियो
खरगोन. मध्यप्रदेश के धार जिले में स्थित कारम डैम फूटने वाला है, डैम लीकेज होते ही प्रशासन हरकत में आ गया, एसपी, कलेक्टर सहित कई अफसर मौके पर पहुंंच गए हैं, पुलिस प्रशासन नगारिकों को अलर्ट कर रहा है, ताकि वे गांव छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंच जाएं, डैम फूटने से कई गांव डूब जाएंगे, खतरे को देखते हुए आवागमन भी डायवर्ट कर दिया गया है।
धार जिले भारूडपुरा में स्थित डेम से पानी लीकेज होने की जानकारी मिलते ही प्रशासन अलर्ट हो गया है, खरगोन जिला और पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंच गया है, कलेक्टर कुमार पुरषोत्तम, एसपी धर्मवीर सिंह सहित पूरी टीम डैम क्षेत्र में पहुंचकर लोगों को गांव छोड़कर जाने के लिए लाउडस्पीकर के माध्यम से अलर्ट कर रही है। जिस प्रकार डैम से लीकेज हो रहा है, उससे संभावना है कि डैम ज्यादा देर तक पानी का बहाव नहीं रोक पाएगा, डैम फूटने से आसपास के कई गांव डूब जाएंगे, बताया जा रहा है कि करीब एक दर्जन गांव डैम फूटने के कारण बाढ़ की चपेट में आ सकते हैं, ऐसे में लोगों की जान बचाने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है, लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया जा रहा है, ऐसे में लोगों के हाथ जो सामान लग रहा है, वह उसी को उठाकर लेकर भाग रहे हैं, ताकि जान तो बच जाए।
एसपी के मुताबिक खरगोन जिले के पांच से छह गांव खाली कराए जा रहे हैं, लगातार मंडराते खतरे को देखते हुए पुलिस प्रशासन भी सुरक्षित स्थानों से ही लोगों को अलर्ट कर रहा है। क्योंकि डैम कब फूट जाए, इसका कोई भरोसा नहीं है। डैम फूटने से काकड़दा, बड़वी, मेलखेड़ी, काकरिया, मिर्जापुर,जलकोटा आदि गांव प्रभावित हो सकते हैं। ऐसे में प्रशासन का यही प्रयास है कि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हो। मुंबई आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग को भी एहतियात के तौर पर बंद किया है, मौके पर मंडलेश्वर एसडीएम सहित भारी पुलिस फोर्स मौजूद।
बच्चों और घरवालों को लेकर भाग रहे लोग
डैम फूटने की जानकारी मिलते ही गांव वाले जो सामान हाथ में आ रहा है, उसे लेकर या जरूरी सामान लेकर भाग रहे हैं, लोग सिर्फ जरूरी सामान और बच्चे व परिजनों को लेकर जा रहे हैं, क्योंकि वे चाह कर भी पूरा सामान अपने साथ नहीं ले जा सकते हैं, इस कारण जैसे तैसे अपनी जान बचाने में लगे हैं, प्रशासन भी उन्हें जल्द ही सुरक्षित स्थानों पर लेकर जा रहा है, ताकि अचानक डैम फूट भी जाए तो किसी की जान को कोई संकट नहीं हो।
Updated on:
12 Aug 2022, 12:59 PM IST
Published on:
12 Aug 2022, 12:59 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.