
खरगोन. खरगोन से एक खौफनाक वारदात सामने आई है। यहां एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की हरकत की सजा अपने सास-ससुर को दी। दामाद ने सोते वक्त सास-ससुर पर तलवार से हमला कर दिया। जिससे सास की मौके पर ही मौत हो गई जबकि ससुर गंभीर रुप से घायल हुआ है और अस्पताल में भर्ती है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी दामाद मौके से फरार हो गया जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।
सास-ससुर को दी बीवी की हरकत की सजा
मामला खरगोन जिले के बड़वाह थाना इलाके के मुरल्ला गांव की है जहां अपने घर की छत पर सो रहे बुजुर्ग दंपत्ति सुखराम बेलजी और उनकी पत्नी भीकूबाई पर उनके ही दामाद मोहन निवासी घोड़वा गांव ने तलवार से जानलेवा हमला कर दिया। शुरुआती जांच में पता चला है कि सुखराम बेलजी की बेटी यानि मोहन की पत्नी ने दूसरी शादी कर ली है जिसके कारण मोहन बौखलाया हुआ था और उसने सास-ससुर की जान लेने के इरादे से उन पर हमला किया।
अनबन के कारण साथ नहीं रहते थे पति-पत्नी
शुरुआती जानकारी में पता चला है कि मोहन और उसकी पत्नी के बीच अक्सर विवाद होते थे। इसी कारण मोहन पत्नी को साथ नहीं रखता था। जिसके बाद से उसकी पत्नी अपने पिता के घर पर रह रही थी। बेटी की जिंदगी बर्बाद न हो इसलिए पिता सुखराम और मां भीकूबाई ने उसकी दूसरी जगह शादी कर दी थी। ये बात पहले पति मोहन को बर्दाश्त नहीं हुई। वो रात को ससुराल पहुंचा और सास-ससुर पर हमला कर फरार हो गया। फिलहाल ससुर सुखराम अस्पताल में भर्ती है और पुलिस ने उसकी शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरु कर दी है।
देखें वीडियो- देखते ही देखते जलकर कबाड़ हो गई 1 करोड़ की कार
Published on:
30 May 2023 07:47 pm
