पंचायत चुनाव के नामांकन के दौरान हिंसा के खिलाफ राज्य की राजनीति उफान पर है। कांग्रेस, वाममोर्चा, भाजपा समेत अन्य विरोधी पार्टियां सत्तारूढ़ दल तथा राज्य निर्वाचन आयोग के खिलाफ मुखर हैं। शांतिपूर्वक और निर्विघ्र पंचायत चुनाव कराने की मांग को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सांसद अधीर रंजन चौधरी 16 अप्रेल (सोमवार) को कोलकाता में धर्मतल्ला के निकट रानी रासमणि एवेन्यू में अनशन पर बैठेंगे। प्रदेश कांग्रेस की ओर से जारी निर्देश के अनुसार पार्टी के कई विधायक, निवर्तमान पंचायतों के जनप्रतिनिधियों के अलावा विभिन्न शाखा संगठनों के नेता व कार्यकर्ता अनशन स्थल पर उपस्थित होंगे। उधर, नामांकन के दौरान हिंसा के खिलाफ दायर याचिका पर कलकत्ता हाईकोर्ट का फैसला भी आने की उम्मीद है। 16 अप्रेल तक चुनाव प्रक्रिया पर रोक लगाने संबंधी एकल पीठ के फैसले को चुनौती देने वाली याचिका पर खण्डपीठ में सुनवाई होनी है। पश्चिम बंगाल राज्य निर्वाचन आयोग ने फिलहाल पंचायत चुनाव प्रक्रिया स्थगित रखने को लेकर शुक्रवार एक निर्देश जारी किया है।