
बेटी ने बुजुर्ग पिता को जहर देने के बाद जलाकर मारा
महानगर के नॉर्थपोर्ट थाना इलाके में एक बुजुर्ग पिता की हत्या उसकी बेटी ने जहर देने के बाद जलाकर कर दी है। मृतक की पहचान विश्वनाथ अवद्या (56 साल) के तौर पर हुई है। वह क्रिस्टोफर रोड के रहने वाले थे। मृतक के भाई कार्तिक ने इस मामले में पुलिस में प्राथमिकी दर्ज कराई थी जिसके बाद आरोपित बेटी पियाली (22 साल) को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस बारे में कोलकाता पुलिस के संयुक्त आयुक्त (अपराध) मुरलीधर शर्मा ने सोमवार शाम जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पिता कथित तौर पर बेटी को मारते पीटते थे जिससे वह परेशान थी इसलिए रविवार रात वह अपने पिता को खाना खिलाने के बहाने बाहर ले गई और जहर मिला हुआ भोजन दिया। नशा होने के बाद उन्हें सुनसान गंगा घाट के पास ले गई। जब वह बेहोश हो गए तो शरीर पर किरासन डालकर आग लगा दी। घटना के बाद सीसीटीवी फुटेज देखकर पुलिस ने बेटी को हिरासत में ले लिया था और लंबी पूछताछ के बाद आखिरकार उसने स्वीकार किया कि पिता की हत्या की है।
Published on:
23 Mar 2021 08:29 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
