10 अप्रैल 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

ममता का भाजपा हटाओ देश बचाओ अभियान का ऐलान

शहीद दिवस सभा में तृणमूल कांग्रेस प्रमुख की दहाड़ कहा, 1 अगस्त से अभियान, 2019 में भाजपा की विदाई तय

3 min read
Google source verification
Kolkata West bengal

ममता का भाजपा हटाओ देश बचाओ अभियान का ऐलान

भाजपा व आरएसएस के कुछ लोग अच्छे, पर मोदी हिटलर व मुसोलिनी से भी बड़े तानाशाह
2019 में अकेले चुनाव लड़ेगी तृणमूल, बंगाल में जीतेगी सभी 42 सीटें

केन्द्र पर दखल के लिए 19 जनवरी को ब्रिगेड में बुलाई फेडरल फ्रंट की सभा
कोलकाता

तृणमूल कांग्रेस प्रमुख और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शनिवार को अगले लोकसभा चुनाव का बिगुल फूंकते हुए मोदी सरकार पर सीधा हमला बोला तथा 1 से १5 अगस्त तक भाजपा हटाओ देश बचाओ अभियान शुरू करने का ऐलान किया। कोलकाता के धर्मतल्ला में शहीद दिवस सभा में लाखों पार्टी समर्थकों की भीड़ में तृणमूल प्रमुख ने दहाड़ते हुए दावा किया कि २०१९ में भाजपा की विदाई तय है, जो टेंट नहीं बना सके, वे देश क्या बनाएंगे। अपने प्रस्तावित फेडरल फ्रंट का रास्ता तैयार करते हुए ममता ने पार्टी कार्यकर्ताओं से एक पखवाड़ा तक भाजपा हटाओ देश बचाओ अभियान चलाने का आह्ववान किया। भाजपा विरोधी दलों को एकता की डोर में बांधने और केन्द्र की सत्ता पर काबिज होने का शंखनाद करने के लिए उन्होंने महानगर के ब्रिगेड परेड मैदान में अगले साल 19 जनवरी को महारैली करने का ऐलान किया। कांग्रेस और माकपा पर भाजपा से सांठगांठ का आरोप लगाते हुए उन्होंने अकेले चुनाव लड़ कर बंगाल की सभी 42 सीटें जीतने का दावा किया। उन्होंने भाजपा और आरएसएस में कुछ अच्छे नेता होने का दावा करते हुए कुछ नेताओं पर तालिबान हिन्दू बनाने का आरोप लगाया और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को हिटलर और मुसोलिनी से भी बड़ा तानाशाह करार दिया।
शहीद दिवस की २५वीं बरसी पर तेज और रिमझिम बारिश के बीच महानगर के विक्टोरिया हाउस के सामने बड़ी भीड़ को संबोधित करते हुए ममता ने आरोप लगाया कि भाजपा देश को बेच रही है, देश में दंगे करवा रही है और यूपी में एनकाउंटर के नाम पर हत्या करवा रही है। हमें इसे रोकना होगा और भाजपा को हटाना होगा। अंग्रेज भारत छोड़ो आंदोलन की याद में तृणमूल कांग्रेस एक अगस्त से 15 अगस्त तक भाजपा हटाओ देश बचाओ अभियान चलाएगी। आप लोग तिरंग झण्डा ले कर राज्य भर में यह अभियान चलाएं।

देश को राह दिखाएगा बंगाल

उन्होंने कहा कि 19 जनवरी 2019 में कोलकाता के ब्रिगेड परेड मैदान में वे फेडरल फ्रंट की रैली करेंगी, उसमें सभी भाजपा विरोधी दलों को बुलाएंगी और उस मंच से केन्द्र पर दखल करने का ऐलान होगा। उन्होंने एक बार फिर साफ किया कि वे प्रधानमंत्री बनने की कतार में नहीं हैं। उन्हें बड़े पद की कुर्सी की नहीं, बल्कि देश, जनता और इस जमीन की मिट्टी की परवाह है। आने वाले दिनों में संसद में बंगाल देश को राह दिखाएगा।

--

भाजपा को 100 से अधिक सीटें नहीं

पीएम मोदी पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि मोदी 2024 साल दिखा रहे हैं। पहले 2019 साल पार करे तो दिखाएं। अगले लोकसभा चुनाव में भाजपा को 100 से अधिक सीटें नहीं मिलेंगी। उत्तर प्रदेश में अखिलेश यादव और मायावती, बिहार में लालू यादव, ओडिशा में पटनायक के आगे भाजपा पस्त हो जाएगी। राजस्थान में भाजपा को पांच सीटें मिलेंगी और गुजरात में पार्टी साफ हो जाएगी। उन्होंने कहा कि जो टेंट नहीं बना सकते वे देश को क्या बनाएंगे।
-----

लोगों को बना रहे तालिबानी

उन्होंने कहा कि भाजपा और आरएसएस में कुछ अच्छे नेता भी हैं। वे उन्हें सम्मान करती हैं। वे साम्प्रदायिकता का गंदा खेल नहीं खेलते हैं, लेकिन दूसरे गंदा खेल खेलते हैं, दंगा फैला रहे हैं और हत्याएं करवा रहे हैं। ममता बनर्जी ने कहा कि सवाल किया जा रहा है कि कौन हिन्दू है। क्या सिर्फ तालिबानी हिन्दू हिन्दू हैं। हम हिन्दू नहीं, स्वामी विवेकानंद और रामकृष्ण परमहंस हिन्दू नहीं थे। भाजपा और आरएसएस लोगों को तालिबानी हिन्दू बना रहे हैं। वह तलवार, बंदूक और पेट्रोल को हिन्दू कहते हैं। उन्होंने नरेन्द्र मोदी की ओर इशारा करते हुए कहा कि वे (मोदी) तानाशाह हिटलर और मुसोलिनी से भी बड़े तानाशाह हैं।

--------------------

कांग्रेस-माकपा और भाजपा में सांठगांठ

ममता बनर्जी ने कांग्रेस, माकपा और भाजपा को एक ही थैले के चट्टे-बट्टे करार देते हुए कहा कि बंगाल में कांग्रेस और माकपा भाजपा से मिल गई हैं। दोनों पार्टियां यहां भाजपा की मदद कर रही हैं और केन्द्र में भाजपा का विरोध कर रहीं हैं। ये दोहरा मापदण्ड नहीं चलेगा। कांग्रेस अपना रुख साफ करे। अगर कोई हमारी आवाज नहीं सुनेगा तो हम अकेले चुनाव लड़ेंगे और राज्य की सभी 42 सीट जीतेंगे।